मेरठ होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला शामली के युवक का शव

दो दिन से कमरे से नहीं निकला था बाहर, दुर्गंध आने पर होटल कर्मचारियों को हुआ अनहोनी का शक

मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित खालसा होटल में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे के अंदर शामली निवासी 29 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। युवक 15 सितंबर की शाम होटल में आकर ठहरा था। इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकला। गुरुवार सुबह कमरे से तेज दुर्गंध आने पर होटल कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-फौजी और शिक्षक को चोर समझ पीटा, गांव में बवाल

सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ होटल पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। इसके बाद दरवाजा खुलवाकर पुलिस टीम कमरे में दाखिल हुई तो युवक का शव फंदे के सहारे लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण कमरे में तेज दुर्गंध फैली हुई थी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-पुलिस मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी बदमाश घायल, साथी समेत गिरफ्तार

पुलिस ने मृतक की पहचान विपुल शर्मा (29) पुत्र देवी दत्त शर्मा, निवासी एमएसके रोड, पंजाबी कॉलोनी, शामली के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने युवक के होटल में ठहरने की वजह, उसके संपर्क में रहे लोगों और होटल में उसके आने-जाने से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। कमरे की भी जांच की गई है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  छपार में नकली मावा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10 कुंतल मावा नष्ट
Share This Article