ट्रक की टंकी से डीजल चोरी करने वाला चालक और गोदाम मालिक गिरफ्तार

मंसूरपुर पुलिस ने 20 लीटर डीजल किया बरामद, मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को भेजा जेल

मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना पुलिस ने ट्रक की टंकी से डीजल निकालकर बेचने के मामले में ट्रक चालक और डीजल खरीदने वाले गोदाम मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 20 लीटर डीजल बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।

मंसूरपुर पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात को ट्रक मालिक मनीष गुप्ता निवासी ग्राम कम्बल वाला बाग, थाना नई मंडी ने तहरीर देकर बताया था कि उसके ट्रक संख्या यूपी-12 बीटी-3090 का चालक सीएनजी पेट्रोल पंप के निकट पूजा होटल थाना मंसूरपुर के पास स्थित एक गोदाम पर ट्रक को ले जाने के बाद उसकी टंकी से डीजल निकालकर गोदाम मालिक तेजपाल को बेच रहा है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-पुलिस संग मुठभेड़ में बाइक सवार बदमाश घायल

तहरीर के आधार पर मंसूरपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 271/26, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक ओमपाल पुत्र चन्द्र किरण निवासी 1597 जनकपुरी थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर तथा गोदाम मालिक तेजपाल पुत्र बारू सिंह निवासी ग्राम सिंधावली थाना मंसूरपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से करीब 20 लीटर डीजल बरामद हुआ, जो चालक ने अपने ट्रक से निकाला था। पहले यह खबर आई थी कि मंसूरपुर क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल के अवैध कारोबार के लिए एक गोदाम पर तेल उतारा जा रहा है, लेकिन पुलिस जांच में मामला दूसरा ही निकला। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उनको न्यायिक अभिरक्षा में कारागार भेज दिया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी के साथ ही उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह, कांस्टेबल राहुल कुमार और कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें:  ड्राइविंग लाइसेंस के लिए फॉर्म 6 भरना अनिवार्य
Share This Article