जौली बाईपास पर पर होगा जोरदार स्वागत, भाजपा संगठन बड़ी तैयारियों में जुटा, ऐतिहासिक अभिनंदन पर किया गया मंथन
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आगामी 22 सितंबर, मंगलवार को मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी पवन अरोरा ने बताया कि मेरठ से सहारनपुर जाते समय राष्ट्रीय अध्यक्ष जौली बाईपास पर टाटा मोटर्स के पास रुकेंगे, जहां पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रातः 11 बजे जौली बाईपास स्थित टाटा मोटर्स के पास स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है और स्वागत कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने जिले के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में जौली बाईपास पहुंचने और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत करने का आह्वान किया है।
पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचने की अपील भी की गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी व मंत्री कपिल देव अग्रवाल समेत अन्य वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी देर रात तक गांधीनगर स्थित भाजपा कार्यालय पर बैठक आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
मंत्री कपिल देव बोले-कार्यकर्ताओं में उत्साह, अभूतपूर्व होगा स्वागत
जिला भाजपा कार्यालय में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार शाम जिलाध्यक्ष श्री सुधीर सैनी जी एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के 22 सितंबर को मुज़फ्फरनगर आगमन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की।

इस दौरान उनके भव्य स्वागत एवं कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों, व्यवस्थाओं तथा संगठनात्मक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री कपिल देव ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्पण यह सुनिश्चित करेगा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का मुज़फ्फरनगर आगमन अभूतपूर्व एवं यादगार बने।
प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान ने बैठक लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश
शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय गांधीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रवास की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री संजय गर्ग एवं सुनील दर्शन ने किया। प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं से अभियान के कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा संगठनात्मक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।

बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री संजीव गोयल सिक्का, रूपेंद्र सैनी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप सैनी, क्षेत्रीय मंत्री नितिन मलिक, सुखवेंद्र सोम, मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, पूर्व विधायक अशोक कंसल, उमेश मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष देवव्रत त्यागी, सतपाल पाल एवं विजय शुक्ला सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा शरद शर्मा, विनीत कात्यान, विशाल गर्ग, सचिन पावटी, विजय प्रजापति, श्वेता कौशिक, अंजलि चौधरी, आंचल तोमर, रविकांत पाल, ममता अग्रवाल, जोगेंद्र गुर्जर, लवी विकल, दिनेश पुंडीर, अनुज सहरावत, विनीत चौहान, पंकज माहेश्वरी, पिंटू त्यागी, पुरोहित उंटवाल, रक्षित नामदेव, अमरजीत गुर्जर, रेणु गर्ग एवं साधना सिंघल समेत जिले की पूरी कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी मंडलों के अध्यक्ष एवं प्रभारी, ब्लॉक प्रमुख, गन्ना समितियों के चेयरमैन, जिला पंचायत सदस्य तथा पार्टी के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
