संत परमानंद अस्पताल दिल्ली के वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. शेखर श्रीवास्तव ने मरीजों को दिया परामर्श, मशीन से हुई कैल्शियम की जांच
मुजफ्फरनगर। लायंस क्लब मुजफ्फरनगर दिव्य के सहयोग से रविवार को नई मंडी स्थित वर्धमान जैन भवन, धर्मशाला में निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में संत परमानंद अस्पताल, दिल्ली के वरिष्ठ अस्थि एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. शेखर श्रीवास्तव (एमबीबीएस, एमएस ऑर्थोपेडिक) अपनी टीम के साथ पहुंचे और मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले शिविर में करीब 110 लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। कैंप के दौरान घुटने एवं हड्डियों से संबंधित समस्याओं की जांच के साथ मशीन के माध्यम से कैल्शियम की जांच की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। कैंप में घुटनों से संबंधित उपचार के लिए आधुनिक रोबोटिक तकनीक की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी गौरव स्वरूप मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कैंप के आयोजन में लायंस क्लब मुजफ्फरनगर दिव्य के अध्यक्ष लायन नंद गोपाल बंसल, सचिव लायन संदीप सिंघल, कोषाध्यक्ष लायन दीपक शर्मा, जोन चेयरमैन लायन अजय गर्ग, विकास रत्न लायन गिरीश अग्रवाल, चेयरमैन लायन नीरज जैन और को-चेयरमैन लायन सुलेख मित्तल सहित क्लब पदाधिकारियों का सहयोग रहा। आयोजकों ने डॉ. शेखर श्रीवास्तव और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानव सेवा के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में चिकित्सकों ने अपना बहुमूल्य समय देकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई। क्लब की ओर से शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया गया।
