मोर्निंग वॉक से लौटते समय की थी अश्लील हरकत, सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से हुई पहचान, पुलिस किया पूरा इलाज
मुजफ्फरनगर। खतौली कस्बे में मोर्निंग वॉक से लौटती महिला के साथ सुनसान गली में छेड़छाड़ के मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में एक युवक महिला के साथ छेड़छाड़ करता हुआ दिखाई दे रहा था। मामले की शिकायत मिलने पर थाना खतौली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपी का पूरी तबियत से इलाज किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो में आरोपी युवक पुलिस कर्मियों के कंधों के सहारे थाने आ रहा है। हवालात से उसने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी।
सीओ खतौली रूपाली राय ने बताया कि महिला के प्रति अपराध से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर थाना खतौली में पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने वायरल वीडियो की जांच के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य माध्यमों से आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया।
पुलिस की जांच के दौरान आरोपी की पहचान भूरा उर्फ कामिल के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर बुधवार, 23 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी भूरा उर्फ कामिल पुत्र इलियास, उम्र करीब 35 वर्ष, इस्लामाबाद भूड़, कस्बा एवं थाना खतौली का निवासी है। उसके खिलाफ थाना खतौली में मुकदमा अपराध संख्या 312/2026, धारा 74 भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, हेड कांस्टेबल मुनीश शर्मा, कांस्टेबल श्यौवीर तेवतिया, कांस्टेबल विवेक कुमार और हेड कांस्टेबल विकास कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
