पूरब को देखकर तय किये प्रत्याशी, ओबीसी पर ज्यादा जोर

राज्यसभा चुनाव के लिए लोधी, कुर्मी और पाल सहित राजपूत समाज के प्रतिनिधियों पर पार्टी ने जताया भरोसा

मुजफ्फरनगर। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा में पार्टी ने सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए पुराने संगठनात्मक चेहरों, वरिष्ठ वकीलों और पूर्व जनप्रतिनिधियों को मौका दिया है। इनमें शामिल धर्मपाल सिंह लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के मजबूत संगठनात्मक चेहरे रहे हैं। वे पूर्व में झारखंड और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में बड़ी भूमिकाएं निभा चुके हैं। वर्तमान में वे भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री हैं और लोधी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।

राधाकांत ओझा का मुख्य क्षेत्र वकालत रहा है। वे इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं और कानून के क्षेत्र में एक जाना-माना ब्राह्मण चेहरा हैं। वर्तमान में भी वे इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और कानूनी मामलों के साथ-साथ पार्टी की वैचारिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। प्रकाश पाल भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता रहे हैं और संगठन में लगातार सक्रिय रहे हैं। पूर्व में वे भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे ओबीसी समुदाय का एक बड़ा चेहरा हैं।

इसे भी पढ़ें:  तालाब में डूबकर भाई-बहन समेत तीन मासूमों की मौत, सीएम योगी ने जताया शोक

विद्यासागर सोनकर छात्र जीवन से ही आरएसएस से जुड़े रहे हैं। वे 1985 में बूथ अध्यक्ष बने और 1989 में जौनपुर से पार्षद चुने गए। वे 1996 में सैदपुर सीट से लोकसभा सांसद भी निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री भी रहे। वर्तमान में वे भाजपा के वरिष्ठ दलित नेता हैं और उत्तर प्रदेश में एमएलसी रह चुके हैं।
गोपी कृष्ण पाण्डेय भारतीय जनता पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने सुल्तानपुर और आसपास के जिलों में संगठन निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान में वे उत्तर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ ब्राह्मण चेहरों में गिने जाते हैं, जिन्हें पार्टी ने उनकी लंबी सेवा के प्रतिफल के रूप में राज्यसभा का टिकट दिया है।
प्रियंका सिंह रावत उत्तर प्रदेश की सक्रिय महिला राजनेता हैं। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में बाराबंकी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था और सांसद बनी थीं। वर्तमान में वे भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री के रूप में संगठन में काम कर रही हैं। वे पार्टी का प्रमुख महिला और दलित चेहरा (पासी समाज) हैं।
राम प्रताप सिंह चौहान आगरा जिले से आते हैं। वे वर्ष 2017 में आगरा की एत्मादपुर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक चुने गए थे। वर्तमान में वे उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री हैं और हाल ही में उन्हें पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रभारी भी बनाया गया है। वे ठाकुर समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-ईंट भट्टे की दीवार ढही, दो मजदूरों की मौत

श्रुति गंगवार बरेली के कद्दावर भाजपा नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी हैं। वे पूर्व में जिला पंचायत सदस्य भी रह चुकी हैं और बरेली क्षेत्र में सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं। वर्तमान में वे रुहेलखंड क्षेत्र से भाजपा की प्रमुख महिला कार्यकर्ता हैं, जिन्हें पार्टी ने गंगवार (कुर्मी) समुदाय को साधने के लिए राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।

इसे भी पढ़ें:  पवन हत्याकांड में 12 साल बाद बड़ा फैसला, चार दोषियों को फांसी
Share This Article