शहर से लेकर गांव देहात के बाजारों और संवेदनशील इलाकों में फोर्स ने किया पैदल गश्त, एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देश पर रामलीला स्थलों से लेकर प्रमुख चौराहों तक निगरानी
मुजफ्फरनगर। आगामी पर्व एवं त्योहारों के मद्देनजर जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। शुक्रवार शाम से ही पुलिसकर्मी विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त करते नजर आए। अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के बीच जनपद में पुलिस की सक्रियता भी देखने को मिली।
एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देश पर जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त की। इस दौरान मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, शराब की दुकानों, रामलीला मंचन स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ यातायात सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थान पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।
पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर भी निगरानी रख रहा है। अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सभी पर्व एवं त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। किसी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
