लोहिया बाजार में ई-रिक्शाओं की एंट्री के खिलाफ बाजार बंद, हंगामा

धरने पर बैठे व्यापारियों ने की बंद कराने की मांग, कहा-लोहिया बाजार में ई-रिक्शा के कारण लग रहा जाम

मुजफ्फरनगर। शहर के अति व्यस्त और प्रमुख मार्किट लोहिया बाजार के व्यापारियों ने इस तंग बाजार में ई रिक्शाओं की एंट्री के कारण हो रही परेशानी को लेकर मुखर विरोध किया। व्यापारियों ने रविवार की सुबह बाजार को बंद रखा और अपनी दुकानों के बाहर ही सड़क पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गये। व्यापारियों के धरने की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने उनको समझाने का प्रयास किया तो ई रिक्शा की नो एंट्री की मांग करते हुए व्यापारियों ने हंगामा किया। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस ने भगत सिंह रोड पर ई-रिक्शा का संचालन बंद कर दिया गया, अब सारा दबाव लोहिया बाजार पर आ गया है। इससे इस तंग बाजार में आवागमन दूभर हो गया और हर मिनट जाम लगने से व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा कुछ व्यापारियों ने भी अतिक्रमण कर रखा है, जो कि हटाया जाना चाहिए।

इसे भी पढ़ें:  शाहपुर में श्री आदर्श रामलीला महोत्सव का आयोजन की तैयारियां जोरों पर

शहर में प्रमुख बाजारों में शामिल भगत सिंह रोड से लगते लोहिया बाजार के दुकानदारों ने रविवार को मुखर होगर ई-रिक्शा के संचालन और अतिक्रमण के खिलाफ अपने प्रतिष्ठान बंद कर धरना शुरू कर दिया है। उनकी मुख्य मांग बाजार से ई-रिक्शा का परिचालन बंद करना है। दुकानदारों ने रविवार को बीच सड़क पर दरी बिछाकर प्रदर्शन किया। लोहिया बाजार से गुजरने वाली ई-रिक्शाओं के संचालन पर रोक लगाने की मांग की। दुकानदारों का कहना है कि ई-रिक्शा के कारण बाजार में लगातार जाम लगता है। इससे राहगीरों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसे भी पढ़ें:  एमजी पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, नन्हे-मुन्नों ने जीता मन

उन्होंने पुलिस प्रशासन से बाजार में दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी हटाने की अपील की। यह अतिक्रमण भी जाम और आवागमन में बाधा का एक प्रमुख कारण है। भाजपा नेता और पालिका के नामित सभासद अमित गोयल उर्फ बॉबी, सपा नेता व्यापारी गौरव जैन, सतेंद्र कुमार का कहना है कि भगत सिंह रोड पर पुलिस प्रशासन के द्वारा ई-रिक्शा की एंट्री बंद कर दी गई हैं, ऐसे में अब सारा दबाव लोहिया बाजार पर आ गया है। इससे इस बाजार में ई रिक्शाओं का आवागमन ज्यादा होने के कारण जाम ही जाम रहने लगा है, इससे व्यापार पर भी प्रभाव पड़ रहा है और दिनचर्या में भी परेशानी हो रही है।

व्यापारियों के धरने पर पहुंचे नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजेश शर्मा ने उनकी समस्याओं को सुना और समझाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारियों ने पुलिस के सामने ही अपनी समस्या रखने के लिए हंगामा किया। व्यापारियों ने मांग की है कि सुबह 10 से शाम सात बजे तक लोहिया बाजार में ई-रिक्शा का संचालन बंद किया जाना चाहिए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक ने आश्वासन दिया कि वो उनकी समस्या को अपने आला अधिकारियों के सम्मुख रखेंगे और प्रयास किया जायेगा कि व्यापारियों की इस समस्या का एक ठोस समाधान किया जाये। इसके पश्चात व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठा खोले और व्यापार शुरू किया। साथ ही व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि यहां पर ई रिक्शाओं का संचालन बंद नहीं कराया तो फिर व्यापारी सामूहिक रूप से अफसरों के बाहर प्रदर्शन करेंगे और स्वयं ही निर्णय लेकर ई रिक्शाओं की एंट्री को बंद कराने काम किया जायेगा।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-78.79 करोड़ दबाये बैठे 16385 बिजली चोरों को बड़ी राहत!
Share This Article