सहारनपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ द्वारा दिए गए आदेशों के क्रम में आगामी त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग के सचल दल द्वारा जनपद में बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों एवं निर्माणशालाओं पर व्यापक छापेमार एवं निरीक्षण कार्रवाई की गई। इस विशेष अभियान में सहारनपुर के साथ-साथ मुजफ्फरनगर एवं शामली जनपद की खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें भी शामिल रहीं।
अभियान के दौरान फाइव स्टार स्वीट्स की खुराना बेक निर्माणशाला से खोया एवं मिल्क पुडिंग, गोल्डन बेकर्स, आनंदा एंटरप्राइजेज बेहट रोड, डायमंड स्वीट्स, बजाज स्वीट्स, हल्दीराम सरसावा, बीकानेर मिष्ठान भंडार, रस्तोगी स्वीट्स देवबंद, अशोका स्वीट्स, सेवन स्टार स्वीट्स, सरदार मिष्ठान भंडार, स्टैंडर्ड मिष्ठान भंडार, अनुपम स्वीट्स, गणेश मिष्ठान भंडार छुटमलपुर, कन्हैया स्वीट्स गागलहेड़ी एवं अग्रवाल मिष्ठान भंडार छुटमलपुर सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से खोया, मावा, चमचम, रसगुल्ला, बर्फी, मलाई रोल, मोतीचूर लड्डू, मिल्क केक, कलाकंद एवं अन्य मिठाइयों के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान गणेश मिष्ठान भंडार, छुटमलपुर पर बिक्री हेतु रखे लगभग 30 किलोग्राम खराब गुलाब जामुन विक्रेता की सहमति से नष्ट कराए गए। वहीं मैसर्स अख्तर नचन स्वीट्स, बेहट रोड, ताजपुरा तथा बीकानेर मिष्ठान भंडार में पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए जाने की संस्तुति की जा रही है। विभिन्न प्रतिष्ठानों में पाई गई कमियों के आधार पर सुधार सूचनाएं भी जारी की जा रही हैं।
हल्दीराम सरसावा एवं बीकानेरवाला नागल के निरीक्षण में कोई कमी नहीं पाई गई। त्योहारों के दृष्टिगत मिठाई एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी संग्रहित 22 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है तथा रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
