मुजफ्फरनगर-बेटे का जीवन बचाने को जलाई अखंड ज्योत से लगी आग

नई मंडी निवासी कारोबारी एमके गुप्ता के घर के मंदिर में लगी भयंकर आग, सामान हुआ राख, दिवाली की रात पटाखे जलाते समय गंभीर रूप से झुलसे बेटे के स्वस्थ होने की कामना की थी

मुजफ्फरनगर। दिवाली की रात पटाखे जलाते समय गंभीर रूप से झुलसे बेटे के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर घर के मंदिर में प्रज्वलित की गई अखंड ज्योत से एक कारोबारी के मकान में आग लग गई। भैया दूज पर बुधवार सुबह हुई इस घटना में मकान की पहली मंजिल पर बने मंदिर, पूजा स्थल सहित वहां पर रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।

कमरे से आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे तक चले प्रयासों के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इसे भी पढ़ें:  जनगणना का पहला चरण शुरूः अनिल व चंदन ने की स्वगणना

घटना नई मंडी थाना क्षेत्र में नई मंडी स्थित माड़ी की धर्मशाला के पास की है। यहां कारोबारी मनोज कुमार गुप्ता का मकान है। मकान की पहली मंजिल पर परिवार ने पूजा-अर्चना के लिए अलग से मंदिर वाला कमरा बना रखा है। बताया गया कि दीपावली की रात पटाखे छुड़ाने के दौरान कारोबारी का 34 वर्षीय बेटा आग की चपेट में आकर झुलस गया था। हादसे में गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वहां से उसको दिल्ली रैफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बेटे की हालत में जल्द सुधार होने और उसके सकुशल घर लौटने की कामना को लेकर परिवार ने घर के मंदिर में अखंड ज्योत प्रज्वलित की थी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-पांच बार से सभासद भाजपा नेता बिजेन्द्र पाल का निधन

बुधवार सुबह मकान की पहली मंजिल पर बने पूजा कक्ष में अचानक भयंकर आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह मंदिर में जल रही अखंड ज्योत के दीपक को माना जा रहा है। ज्योत से आग कमरे में रखे अन्य सामान तक पहुंच गई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। कमरे से धुआं और आग की लपटें उठती देखकर परिवार के सदस्यों में हड़कंप मच गया। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दमकलकर्मियों ने मकान की पहली मंजिल पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए काफी सतर्कता के साथ अभियान चलाया गया। कई घंटे तक पानी की बौछार करने और लगातार प्रयास करने के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। आग बुझने के बाद जब कमरे का जायजा लिया गया तो वहां रखा मंदिर और पूजा-पाठ से संबंधित सामान सहित अन्य घरेलू वस्तुएं पूरी तरह जल चुकी थीं। कमरे में काफी नुकसान हुआ है। घटना के दौरान परिवार के लोग भी परेशान रहे। हालांकि समय रहते दमकल विभाग की टीम के पहुंचने से आग को मकान के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया। इस घटना ने परिवार को एक बार फिर चिंता में डाल दिया। एक ओर बेटा अस्पताल में जिंदगी और सेहत के लिए संघर्ष कर रहा है, वहीं दूसरी ओर घर के मंदिर में आग लगने से परिवार को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।

इसे भी पढ़ें:  सड़क हादसे में युवक की मौत, घायल अवस्था में उड़ाई सोने की चेन
Share This Article