मुजफ्फरनगर-पांच बार से सभासद भाजपा नेता बिजेन्द्र पाल का निधन

उन्होंने जिला अस्पताल चौराहे पर समाज के लिए देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा और स्मारक बनाने में अहम भूमिका निभाई

मुजफ्फरनगर। शहर की राजनीति और नगरपालिका परिषद में लंबे समय तक सक्रिय रहे वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पांच बार के सभासद बिजेन्द्र पाल का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पालिका प्रशासन में भी गहरा शोक व्याप्त है। बताया जा रहा है कि वे पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और घर पर ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई तथा उनके आवास पर संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया।

शहर के मौहल्ला केवलपुरी निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता और नगरपालिका के पूर्व सभासद बिजेन्द्र पाल का मंगलवार दोपहर अपने आवास पर ही निधन हो गया। उनके निधन से परिवार में कोहराम मचा नजर आया तो वहीं शहर के गणमान्य लोगों, भाजपा और नगरपालिका में भी शोक बन गया। बिजेन्द्र पाल पिछले काफी दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। दो माह पूर्व वो गंभीर रूप से बीमार हो गये थे और पूरी तरह से बेड रेस्ट पर चले गये थे। उनका मेरठ और दिल्ली से भी उपचार चल रहा था। उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो पा रहा था।

इसे भी पढ़ें:  टिकैत की सिसौली में महायज्ञ के प्रचार को निकले संत पर जानलेवा हमला

राजनीतिक जीवन काफी सक्रिय और जनसेवा से जुड़ा रहा। बिजेन्द्र पाल भारतीय जनता पार्टी के समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता और कर्मठ पदाधिकारी रहे। वो पार्टी में जिला महामंत्री और जिला उपाध्यक्ष के पद के साथ ही अनेक दायित्व भी निभाते रहे। वो जिलाध्यक्ष की दौड़ में भी शामिल रहे। इसके साथ ही पांच बार से वो नगरपालिका परिषद् में सभासद निर्वाचित होते रहे हैं। दो बार वो स्वयं सभासद बने और तीन बार से उनकी पत्नी कुसुमलता पाल सभासद हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी नगरपालिका के वार्ड 40 से निर्वाचित सभासद हैं और क्षेत्रीय विकास के लिए जनता का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। बिजेन्द्र पाल ने भाजपा से नगरपालिका परिषद् के अध्यक्ष पद के लिए भी टिकट की दावेदारी की थी।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में रोगियों को मिला उपचार का दोहरा लाभ

बिजेंद्र पाल न केवल भारतीय जनता पार्टी की जिला कमेटी में महत्वपूर्ण पदाधिकारी रहे, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी उनकी गहरी पैठ थी। वह पिछले दो दशकों से शक्ति क्लब रामलीला कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कच्ची सड़क पर भव्य रामलीला का मंचन कराते आ रहे थे। उनके कुशल नेतृत्व में रामलीला के मंचन ने एक विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने जिला अस्पताल चौराहे पर समाज के लिए देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा और स्मारक बनाने में अहम भूमिका निभाई, इसके बाद वर्तमान में भी उनके द्वारा पाल समाज को साथ लेकर इस स्मारक का सौन्दर्यकरण कराने का कार्य किया गया, अब जबकि इस स्मारक का लोकार्पण करने के लिए स्वयं सूबे के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं, तो वो इस अवसर को देखने से पहले ही स्वर्ग सिधार गये।

इसे भी पढ़ें:  एमपीएल-2: रोमांचक मुकाबलों में दर्शकों का दिल जीत रहे खिलाड़ी

इसके साथ ही उन्होंने शहर को तीसरा श्मशान घाट देने में अहम भूमिका निभाई। नगरपालिका की खाली भूमि पर जनकपुरी में श्मशान घाट का निर्माण कराया और इस श्मशान की देखरेख के लिए नगर पालिका के स्तर से बनाई गई कमेटी में वो अध्यक्ष के रूप में शामिल किये गये। इस श्मशान को चलाने के लिए वो लगातार सक्रिय बने रहे। उनके निधन पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पाल महासभा के अध्यक्ष शिवकुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी सहित जनपद भर के प्रबुद्धजनों और गणमान्य लोगों ने गहरा दुख और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके निधन को अपूर्णीय क्षति बताया। नगरपालिका में गहरा शोक नजर आया, पालिका के अनेक सभासदों ने उनके आवास पर पहुंचकर संवेदना व्यक्त की। इससे पहले पालिका सभासद भाजपा नेता हनी पाल का भी बीमारी के कारण निधन हो चुका है और अब सभासद पति बिजेन्द्र पाल भी चले गये।

Share This Article