दवा कंपनी ने दिया था दिवाली का बोनस, मिले थे दस हजार रुपये, दोस्तों ने ही पीट-पीटकर मार डाला, कार को पेड़ और खम्भे से मारी टक्कर, शव गाड़ी में छोड़कर आरोपी हुए फरार, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सहारनपुर। जनपद सहारनपुर के सरसावा स्थित इस्माइलपुर गांव में दवा कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड सोमपाल (55) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव अंबाला रोड पर पिलखनी बस स्टैंड स्थित धर्मकांटे के पास कार में मिला है। कंपनी से दिवाली बोनस में मिली धनराशि की रकम को आरोपी दावत के लिए मांग रहे थे। सिक्योरिटी गार्ड ने रुपये देने से मना कर दिया। हालांकि बाद में आरोपियों ने पार्टी की और इसी दौरान गार्ड की पीट पीटकर हत्या कर दी। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए कार पेड़ और उसके पास लगे खंभे से टकरा दी। इसके बाद वहां से भाग गए। पुलिस ने साथी कर्मचारी सहित चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सरसावा थाना क्षेत्र के गांव अलीपुरा निवासी सोमपाल करीब 10 साल से इस्माइलपुर स्थित दवा कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद कार्यरत थे। गार्ड के बेटे अजय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात कंपनी के ही कर्मचारी सोनू ने उसके पिता सोमपाल को फोन कर कंपनी में बुलाया। वहां पर सोनू अपने दोस्त अक्षय, नितिन और अमन के साथ पहले से ही मौजूद था। दिवाली के मौके पर सभी कर्मचारियों को कंपनी की तरफ से करीब 10-10 हजार रुपये बोनस मिला था।
आरोप है कि सोनू ने सोमपाल से दावत के लिए बोनस के रुपये मांगे। इस पर सोमपाल ने देने से मना कर दिया। दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। सोमपाल ने अपने गांव के रहने वाले दोस्त को भी फोन पर जानकारी देकर मदद मांगी। कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें वहां से भगा दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपियों ने पार्टी की, तभी सोनू ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सोमपाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। नितिन की कार में शव डाला और पिलखनी बस स्टैंड स्थित धर्मकांटे के पास लेकर पहुंचे।
तहरीर में आरोप लगाया कि हत्या को हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने कार पेड़ से टकरा दी। वहीं पर खंभा भी था। इसमें आरोपी भी घायल हुए। आरोपियों ने अपना प्राथमिक उपचार कराया और भाग गए। इसके बाद पुलिस ने कार के अंदर सोमपाल का शव बरामद किया। उधर, एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि कुतुबशेर थाने में आरोपी सोनू, अक्षय, अमन निवासी दैदनोर और नितिन निवासी कंडेला जिला शामली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमपाल का शव जिस कार से बरामद हुआ है, उस गाड़ी को जानबूझकर टकराया गया है या फिर हादसा है इसकी जांच की जा रही है।
