मुजफ्फरनगर-किशोरी की बरामदगी को लेकर स्वामी यशवीर का अल्टीमेटम

कैराना के परिवार ने बघरा आश्रम पहुंचकर स्वामी को सुनाई आपबीती, विधवा मां को धमकी देने और पुलिस पर शिकायत दर्ज न करने का लगाया आरोप

मुजफ्फरनगर। शामली जनपद के कैराना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने, उसके साथ दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्मांतरण कर निकाह कराने के आरोपों का मामला सामने आया है। इस प्रकरण को योग साधना आश्रम बघरा के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट जारी कर पूरे मामले की जानकारी साझा की है। साथ ही पुलिस को अल्टीमेटम दिया गया है कि यदि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं की गई तो वो हिंदू महापंचायत बुलाएंगे।

इसे भी पढ़ें:  पंचायतघर से बैटरी चोरी का खुलासाः मुठभेड़ में एक शातिर चोर घायल

स्वामी यशवीर के अनुसार, कैराना क्षेत्र का एक ब्राह्मण परिवार बघरा आश्रम पहुंचा और अपनी नाबालिग बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी दी। परिवार का आरोप है कि किशोरी बड़ौत में पढ़ने जाती थी। इसी दौरान हरियाणा के यमुनानगर निवासी एक गैर सम्प्रदाय का युवक, जो कांधला कस्बे में अपनी रिश्तेदारी में रहता था, स्कूल आने-जाने के दौरान उसके संपर्क में आया। आरोप है कि युवक ने किशोरी को अपने प्रेमजाल में फंसाया और करीब दो वर्ष पहले, जब वह नाबालिग थी, उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली गई, जिसके माध्यम से उसे लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा।

परिवार के मुताबिक, कुछ दिन पहले आरोपी किशोरी को घर से अपने साथ ले गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि किशोरी घर से लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लेकर गई है। मामले को और गंभीर बताते हुए परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक किशोरी की विधवा मां को धमकी देकर गया कि वह अपने दोनों छोटे बच्चों के साथ धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बन जाए, अन्यथा उसे जान से मार दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNMAGAR-कांवड़ देखने गए युवक की गला काटकर नृशंस हत्या

स्वामी यशवीर ने बताया कि पीड़ित परिवार जब शिकायत लेकर कैराना कोतवाली पहुंचा तो कथित तौर पर पुलिस ने उनकी तहरीर तक स्वीकार नहीं की। उन्होंने इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शिकायत नहीं लेने के पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है। साथ ही मुख्यमंत्री से किशोरी की तत्काल सुरक्षित बरामदगी, आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धमकी और धर्मांतरण से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित मां और उसके बच्चों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-इंटर कॉलेज और नर्सिंग होम में दलित किशोरी संग गैंगरेप!

स्वामी यशवीर ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर किशोरी को सुरक्षित वापस नहीं लाया गया तो कांधला में आरोपी की कथित बस्ती का घेराव कर धरना दिया जाएगा। इसके साथ ही यमुनानगर में आरोपी के घर के क्षेत्र में हिंदू पंचायत आयोजित करने की भी चेतावनी दी गई है। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में आंदोलन तेज करने तथा हिंदू बस्तियों में कारोबार करने वालों के बहिष्कार की बात भी कही। स्वामी यशवीर ने स्पष्ट किया कि उनकी प्रमुख मांग किशोरी की सुरक्षित बरामदगी, आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार की सुरक्षा और कैराना पुलिस द्वारा शिकायत नहीं लिए जाने के आरोपों की जांच है।

Share This Article