मुजफ्फरनगर में पहली बार सजा यूपी पेडिकॉन का मंच

तीन दिवसीय 47वां यूपी पेडिकॉन-2026 का शुभारंभ, देशभर से जुटेंगे 500 से अधिक बाल रोग विशेषज्ञ, प्रतिष्ठित चिकित्सक साझा करेंगे अनुभव, नवीनतम शोध और आधुनिक उपचार तकनीकों पर होगा मंथन

मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बाल चिकित्सा के क्षेत्र को नई पहचान दिलाने की दिशा में मुजफ्फरनगर एक महत्वपूर्ण आयोजन का गवाह बना है। उत्तर प्रदेश इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (यूपीआईएपी) की ओर से पहली बार मुजफ्फरनगर जिले में 47वें यूपी पेडिकॉन-2026 का आयोजन किया जा रहा है। 13 से 15 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय राज्यस्तरीय सम्मेलन का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इसमें देश और प्रदेश के 500 से अधिक बाल रोग विशेषज्ञ एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे।

श्याम विहार कॉलोनी स्थित आईएमए भवन में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. हेमंत कुमार ने सम्मेलन की रूपरेखा मीडिया के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि यूपीआईएपी ने इस वर्ष मुजफ्फरनगर को 47वें यूपी पेडिकॉन की मेजबानी का अवसर दिया है। आयोजन समिति के चेयरपर्सन डॉ. रविन्द्र जैन, अध्यक्ष डॉ. हेमंत कुमार और सचिव डॉ. अभिषेक यादव के प्रयासों से जिले में इतने बड़े शैक्षणिक सम्मेलन का आयोजन संभव हो पाया है।

इसे भी पढ़ें:  मेरठ पुलिस ने उतारी मुजफ्फरनगर के प्रधान की ‘काली फिल्म’

सम्मेलन के पहले दिन शुक्रवार को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज, बेगराजपुर में शैक्षणिक सत्रों की शुरुआत हुई। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में चिकित्सा शिक्षा, नवीनतम शोध, व्यावहारिक अनुभव और बच्चों के बेहतर उपचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। आयोजन में चिकित्सा शिक्षाविद् डॉ. पीयूष गुप्ता, प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बकुल पारिख, दुर्लभ बीमारियों के विशेषज्ञ डॉ. अशोक गुप्ता और बाल चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. सुमन सोन अपने अनुभव एवं शोध संबंधी जानकारियां साझा करेंगे। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विनीत सक्सेना की उपस्थिति भी सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

इसे भी पढ़ें:  दिल्ली मेरठ रैपिड रेल का ट्रायल सफल, 22 फरवरी से संचालन

कार्यक्रम की शुरुआत आज मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में आयोजित प्रयोगशाला आधारित शैक्षणिक गतिविधियों से की गई है। इसके बाद विभिन्न चरणों में व्याख्यान, शोध पत्रों की प्रस्तुति और चिकित्सीय विषयों पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी। डॉ. हेमंत ने बताया कि यूपी पेडिकॉन-2026 में नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल, बच्चों का पोषण, टीकाकरण, संक्रामक बीमारियों की रोकथाम, बाल स्वास्थ्य की उभरती चुनौतियों और गंभीर बाल रोगों के आधुनिक उपचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। सम्मेलन के माध्यम से बाल चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे नए अनुसंधानों और उपचार की आधुनिक तकनीकों की जानकारी चिकित्सकों तक पहुंचाई जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ

आयोजन समिति का मानना है कि यह सम्मेलन चिकित्सकों के बीच ज्ञान, शोध और अनुभवों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच साबित होगा। इससे न केवल मुजफ्फरनगर, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बाल चिकित्सा सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा। सम्मेलन के शैक्षणिक कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी डॉ. हरीश कुमार, डॉ. रश्मि गोयल और डॉ. समर्थ संभाल रहे हैं। कैटरिंग व्यवस्था डॉ. प्रदीप कुमार तथा आर्थिक सहयोग संबंधी जिम्मेदारियां डॉ. ईश्वर चंद्रा और डॉ. गिरीश कुमार देख रहे हैं। वहीं डॉ. संगीता सिंघल, डॉ. निधि मलिक, डॉ. गरिमा सहित अन्य सहयोगी मंच संचालन और आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे हैं। पत्रकार वार्ता में डॉ. रविन्द्र जैन, डॉ. हेमंत कुमार, डॉ. गिरीश कुमार, डॉ. अजय पंवार सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

Share This Article