नई मंडी पुलिस ने पचेंडा पुल के पास पकड़ा 174 किलो मादक पदार्थ, ट्रक मालिक आसिफ मौके से फरार, आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से गांजा लाकर पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड में सप्लाई करने का हुआ खुलासा
मुजफ्फरनगर। आंध्र प्रदेश सहित दूसरे राज्यों से गांजा लाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न शहरों में सप्लाई करने वाले तस्करों के नेटवर्क पर नई मंडी पुलिस ने बड़ी चोट की है। पुलिस ने पचेंडा पुल के पास हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 174 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि उसका साथी और ट्रक मालिक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

सीओ सिटी एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने पुलिस लाइन सभाकक्ष में पत्रकार वार्ता के दौरान मीडिया को दी जानकारी में बताया कि शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेरठ की तरफ से आ रहे एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नई मंडी पुलिस ने पचेंडा पुल के पास हाईवे पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखा गया 174 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल चालक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान रहीश पुत्र नजीर अहमद निवासी भैसरहेड़ी थाना छपार मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र रफीक निवासी भैसरहेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक संख्या एचआर 73ए 9532 को भी कब्जे में ले लिया है।
विशाखापत्तनम से सस्ते दामों पर खरीदकर लाते थे गांजा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार चालक रहीश ने बताया कि वह ट्रक चलाने का काम करता है और बरामद ट्रक आसिफ का है। दोनों अपने साथियों के साथ आंध्र प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र सहित दूसरे राज्यों में जाते थे। आरोपी के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर उसे ट्रक में छिपा लिया जाता था। इसके बाद वापसी में मुजफ्फरनगर, शामली, रुड़की, देहरादून और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर इसकी सप्लाई की जाती थी। पूछताछ में रहीश ने बताया कि घटना के दौरान आसिफ भी उसके साथ ट्रक में मौजूद था, लेकिन रास्ते में आगे मिलने की बात कहकर वह ट्रक से उतर गया। इस दौरान मंडी सीओ राजू कुमार साव भी मौजूद रहे। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र, उपनिरीक्षक संदीप सिंह धारीवाल, अनुभव चौधरी, हेड कांस्टेबल सौरभ चौधरी, नवीन कुमार तथा कांस्टेबल रोहित कुमार, मुनेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, पवन कुमार, उर्वेश कुमार और आकाश कुमार शामिल रहे।
