डीआईजी अभिषेक सिंह ने किए 15 इंस्पेक्टरों के स्थानांतरण, मुजफ्फरनगर से सहारनपुर और शामली भेजे गए कई अफसर, पूर्व में जारी तबादला आदेशों में भी हुआ संशोधन
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर परिक्षेत्र की पुलिस व्यवस्था में फेरबदल करते हुए डीआईजी अभिषेक सिंह ने निरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव में मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के बीच कई निरीक्षकों की अदला-बदली की गई है। वहीं कुछ पुलिस अधिकारियों के पूर्व में निर्धारित स्थानांतरण स्थलों में भी संशोधन किया गया है। तबादला सूची में कई ऐसे नाम शामिल हैं, जो पहले मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
कई अनुभवी इंस्पेक्टरों की मुजफ्फरनगर में वापसी
सहारनपुर से मुजफ्फरनगर स्थानांतरित किए गए निरीक्षकों में अविनाश गौतम, धर्मेंद्र कुमार, ज्ञानेश्वर बौद्ध, हृदय नारायण सिंह, परविंदर पाल, रमेश चंद्र सिंह, संजीव कुमार बुलन्दशहर और संजीव कुमार झज्जर, सुरेन्द्र कुमार के अलावा संतोष कुमार त्यागी के नाम शामिल हैं। इन सभी दस इंस्पेक्टरों का पूर्व में डीआईजी ने जनपद शामली तबादला किया था, लेकिन इसको संशोधित करते हुए इन्हें अब जनपद मुजफ्फरनगर में भेजा गया है। इनमें शामिल इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार मुजफ्फरनगर में खतौली, सिखेड़ा और फुगाना थानों में प्रभारी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल को लेकर जिले में उनकी अच्छी पहचान रही है।

इसी तरह इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर बौद्ध भी मुजफ्फरनगर में वापसी कर रहे हैं। वह पूर्व में चरथावल थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह रावत का भी सहारनपुर से मुजफ्फरनगर तबादला हुआ है। वह जिले के कई थानों में प्रभारी रहकर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इंस्पेक्टर हृदय नारायण सिंह, परविंदर पाल, रमेश चंद्र सिंह, संजीव कुमार, संतोष कुमार त्यागी और सुरेंद्र कुमार की भी एक बार फिर से मुजफ्फरनगर में वापसी हुई है।
मुजफ्फरनगर से सहारनपुर और शामली भेजे गए निरीक्षक
दूसरी ओर मुजफ्फरनगर में तैनात निरीक्षकों को भी दूसरे जनपदों में भेजा गया है। इनमें बृजेश कुमार शर्मा, दिनेश कुमार बघेल, धर्मवीर सिंह, हरेंद्र सिंह और राजेश कुमार भारती के नाम शामिल हैं। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा का पहले मुजफ्फरनगर से शामली स्थानांतरण किया गया था, लेकिन संशोधित आदेश में उनका तबादला सहारनपुर कर दिया गया है। खतौली थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार बघेल का सहारनपुर के लिए किया गया पूर्व का स्थानांतरण निरस्त करते हुए अब उन्हें शामली भेजा गया है। इसी तरह निरीक्षक धर्मवीर सिंह, हरेंद्र सिंह और राजेश कुमार भारती का पहले शामली के लिए प्रस्तावित स्थानांतरण बदलकर सहारनपुर कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह का मुजफ्फरनगर से सहारनपुर तबादला किया गया है। चरथावल थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह को भी मुजफ्फरनगर से सहारनपुर स्थानांतरित किया गया है।
