शिक्षा के मंदिर में फर्जीवाड़ाः बेटी के लिए इंटर काॅलेज के प्रिंसीपल ने की धोखाधड़ी

शिकायत के बाद दो जिलों में जांच शुरू, फर्जीवाडा करने पर फंसे एसडी मीरापुर के प्रिंसीपल डाॅ. विकास कुमार शर्मा

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक चैंकाने वाला मामला सामने आया है। एक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल पर अपनी ही बेटी के भविष्य के लिए सारे नियम कायदों को ताक पर रखते हुए कथित रूप से धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। आरोप है कि सीबीएसई स्कूल में अध्ययनरत बेटी को इस प्रिंसीपल के द्वारा फर्जी तरीके से अपने विद्यालय से उत्तर प्रदेश बोर्ड की परीक्षा दिलाई गई। मामले की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया है और दो जिलों में जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दायरे में मीरापुर क्षेत्र के एसडी इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. विकास कुमार शर्मा आ गए हैं, जिन पर फर्जीवाड़ा करने के गंभीर आरोप लगे हैं।

इसे भी पढ़ें:  शामली रोड पर झुग्गियां हटवाने पर भड़के विधायक पंकज मलिक

जानकारी के अनुसार मीरापुर कस्बे के एसडी इंटर कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. विकास शर्मा पर अपने पद का दुरुपयोग कर गंभीर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगा है। आरोप है कि उन्होंने अपनी बेटी को बिजनौर के एक सीबीएसई स्कूल से बिना टीसी कटवाए, रिकॉर्ड में हेराफेरी कर अपने ही कॉलेज से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा दिलाई। इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल सहित बिजनौर व मुजफ्फरनगर के डीआईओएस से की गई है।

शिकायतकर्ता दीपा रानी के अनुसार, डॉ. विकास शर्मा की पुत्री बिजनौर के एएन इंटरनेशनल स्कूल में 10वीं कक्षा तक पंजीकृत थी। आरोप है कि वर्ष 2015 में प्रधानाचार्य ने अपने ही विद्यालय में किसी अन्य छात्र के एसआर (स्कॉलर रजिस्टर) नंबर में छेड़छाड़ कर अपनी बेटी का पंजीकरण यूपी बोर्ड में दिखाया। चैंकाने वाली बात यह है कि उस समय डॉ. विकास शर्मा स्वयं केंद्र व्यवस्थापक की भूमिका में थे। शिकायत में कहा गया है कि छात्रा जोकि उनकी सगी बेटी है, की आज तक सीबीएसई स्कूल बिजनौर से टीसी नहीं कटी है, जबकि वर्तमान में वह एमबीबीएस कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  उद्योगों की लीज होल्ड भूमि को फ्री होल्ड करने की मांग, मंत्री कपिल देव को दिया ज्ञापन

इस मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ तब आया, जब बिजनौर डीआईओएस ने पुष्टि कर दी कि छात्रा की टीसी उक्त सीबीएसई विद्यालय से नहीं कटी है। इससे प्रधानाचार्य विकास शर्मा पर अधिकारियों को गुमराह करने और रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के के जो आरोप लगाए गए हैं, उन सभी आरोपों को बल मिला है। हालांकि, कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. विकास शर्मा ने मामले में अपनी सफाई देते हुए कहा कि अभी केवल शिकायत हुई है, लेकिन जांच के बाद सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। डीआईओएस मुजफ्फरनगर राजेश कुमार श्रीवास का कहना है कि डा. विकास शर्मा एसडी इंटर कालेज मीरापुर के कार्यवाहक प्रधानाचार्य हैं। उनके खिलाफ एक गंभीर शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक कमेटी का गठन करने की तैयारी की जा रही है। इस कमेटभ् के द्वारा जो रिपोर्ट दी जाएगी, उसके अनुसार आगामी कार्यवाही होगी।

इसे भी पढ़ें:  सेक्टर-58 की कंपनी में घुसे प्रदर्शनकारी, जमकर की तोड़फोड़, फेज 2 में गाड़ियों में आगजनी
Share This Article