चेयरमैन मीनाक्षी ने धनतेरस पर दी 100 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में पालिका बोर्ड बैठक में 112 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी, 64 करोड़ रुपये से होंगे 329 निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य, कर्मचारियों को भी राहत

मुजफ्फरनगर। धनतेरस के अवसर पर नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शहरवासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। नगरपालिका परिषद की शुक्रवार को टाउनहाल स्थित पालिका मुख्यालय के सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में शहर के विकास और अन्य मद से जुड़े 112 प्रस्तावों को सदन ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की। इन प्रस्तावों के तहत शहर में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्माण, सौंदर्यीकरण, पेयजल, पथ प्रकाश और सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही महापुरुषों के नाम पर दो चौराहों का नामकरण किया गया। बैठक में विकास कार्यों को लेकर पूरा सदन एकजुट दिखाई दिया और सभी प्रस्तावों पर सदस्यों ने सहमति जताई।

बोर्ड बैठक की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने की। अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने राष्ट्रगीत वंदेमातरम के बाद सदन के समक्ष 112 प्रस्तावों वाला एजेंडा प्रस्तुत किया। बोर्ड बैठक की शुरूआत में ही वार्ड संख्या 33 की सभासद सीमा जैन पत्नी विकल्प जैन ने जैन समाज के धार्मिक प्रतीक के रूप में पहचान रखने वाले शहर के वहलना चौक का नया नामकरण करने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप को पत्र दिया और कहा कि महाराणा प्रताप प्रतापी महापुरुष हुए मैं और समाज उनका सम्मान करते हैं, उनके नाम से शहर में दूसरा स्थान चिन्हित कर भव्य स्मारक बनाया जाये, उन्होंने जैन समाज की भावना को रखते हुए वहलना चौक के नामकरण प्रस्ताव पर विचार करने का आग्रह किया।

इसे भी पढ़ें:  स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद अग्रिम जमानत सुनवाई 27 फरवरी को

बोर्ड बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही नए विकास कार्यों और कर्मचारियों से संबंधित प्रस्ताव शामिल रहे। एजेंडे पर सदस्यों के बीच विस्तार से चर्चा हुई, जिसके बाद सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। साथ ही पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि भी की गई। पालिका की कार्ययोजना में सबसे बड़ा हिस्सा निर्माण एवं विकास कार्यों का है। करीब 64 करोड़ रुपये की लागत से शहर में 329 निर्माण, विकास और सौंदर्यीकरण संबंधी कार्य कराए जाएंगे। इनमें विभिन्न वार्डों की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों के विकास के साथ लंबे समय से उपेक्षित फक्करशाह चौक का कायाकल्प भी इसी योजना के अंतर्गत कराया जाएगा।

शहर को रोशनी से जगमग करने और रात्रिकालीन आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की धनराशि से आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके तहत फैंसी लाइट, हाईमास्ट लाइट और 45 से 75 वाट तक की एलईडी स्ट्रीट लाइट खरीदी जाएंगी। शहरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए करीब 10 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। विस्तारित सीमा में शामिल नए क्षेत्रों तक पेयजल आपूर्ति पहुंचाने के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएंगी। इसके अलावा ट्यूबवेलों की क्षमता बढ़ाने और पुरानी पेयजल लाइनों के उच्चीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पालिका में आउटसोर्सिंग के माध्यम से 50 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति किए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

इसे भी पढ़ें:  दूल्हेरा गांव में चोरों का आतंकः एक ही रात में सात किसानों की ट्यूबवेल पर चोरी

बैठक में कर्मचारियों के हितों से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। दिवाली के अवसर पर पालिका के सफाई कर्मचारियों सहित अन्य कर्मचारियों को ठंडे मौसम के अनुरूप वर्दी उपलब्ध कराने के लिए भुगतान तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित प्रस्ताव पारित किए गए। बोर्ड बैठक में शहर की पहचान और महापुरुषों के सम्मान से जुड़े दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी ध्वनिमत से मंजूरी दी गई। इसके तहत शहर में एक चौराहे का नामकरण महाराणा प्रताप के नाम पर और दूसरे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर किया जाएगा। अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के निर्देश पर शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए 112 प्रस्तावों का एजेंडा तैयार किया गया था। सदन में प्रत्येक प्रस्ताव पर चर्चा के बाद संपूर्ण एजेंडे को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसमें महाराणा प्रताप चौराहे का प्रस्ताव सभासद के ऐतराज के बाद विचारार्थ रखा गया है। पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि भी की गई।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर के विकास को लेकर कपिल देव ने किया सीएम योगी संग मंथन

पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि दीपावली के पर्व पर शहर के विकास के लिए प्रस्तुत कार्ययोजना को पूरे सदन का समर्थन मिलना प्रसन्नता की बात है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों की व्यापक योजना तैयार की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए शहर के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के नाम पर चौराहों का नामकरण कर उनके योगदान और आदर्शों को सम्मान देने का प्रयास किया गया है। कहा कि महापुरुषों के नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण करने का उद्देश्य उनके आदर्शों, संघर्ष, बलिदान और समाज के प्रति योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। विकास कार्यों के इन प्रस्तावों को स्वीकृति देने के लिए उन्होंने सभी सभासदों और सदन के सदस्यों का आभार जताया।

Share This Article