देवबंद में CM की जनसभा कल, रात 12 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन

सहारनपुर। देवबंद में 7 मई 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के जनसभा कार्यक्रम को लेकर सहारनपुर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। कार्यक्रम में वीआईपी मूवमेंट और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सहारनपुर से देवबंद होते हुए मुजफ्फरनगर जाने वाले मार्ग पर वाहनों का डायवर्जन लागू रहेगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, यह डायवर्जन 6/7 मई की मध्यरात्रि 12 बजे से 7 मई शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान सहारनपुर से देवबंद होते हुए मुजफ्फरनगर मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बदले हुए रूट से कराई जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  शामली में 200 करोड़ की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, डीएम ने दिए जांच के आदेश

हालांकि, एंबुलेंस, फायर सर्विस, पुलिस वाहन और कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को इस डायवर्जन से छूट दी गई है।

भारी वाहनों के लिए बदला गया रूट

सहारनपुर की ओर से देवबंद होते हुए मुजफ्फरनगर जाने वाले सभी भारी वाहन अब सीधे देवबंद रोड से नहीं जाएंगे। ऐसे वाहनों को सहारनपुर से कस्बा गागलहेड़ी, बड़कला फ्लाईओवर/छुटमलपुर, भगवानपुर और रुड़की होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर भेजा जाएगा। वापसी भी इसी मार्ग से कराई जाएगी।

इस रूट से ट्रैफिक को मुख्य कार्यक्रम स्थल और देवबंद क्षेत्र की भीड़ से अलग रखने की व्यवस्था की गई है।

इसे भी पढ़ें:  चरथावल में 18 घंटे के रेस्क्यू के बाद तालाब से मिला किशोर का शव

हल्के वाहनों के लिए यह रहेगा मार्ग

सहारनपुर की ओर से देवबंद होते हुए मुजफ्फरनगर जाने वाले हल्के वाहनों को सहारनपुर से देवबंद, फिर बरला तिराहा, देवबंद-बरला मार्ग, बरला और छपार होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर भेजा जाएगा।

वहीं मुजफ्फरनगर से देवबंद होते हुए सहारनपुर की ओर आने वाले हल्के वाहनों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है। ऐसे वाहन मुजफ्फरनगर से रोहाना टोल पार कर बाईं ओर ग्राम घलौली, ग्राम रणखंडी मार्ग, गुनारसी, शुगर मिल चौराहा, भायला फाटक, कासिमपुर और जामिया तिब्बिया कॉलेज होते हुए सहारनपुर की ओर जाएंगे।

इसे भी पढ़ें:  नाना ने ही नाती की जान ली, वजह चौंकाने वाली

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 7 मई को देवबंद और सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर यात्रा करने से पहले रूट प्लान देखकर ही निकलें। खासकर भारी वाहन चालकों को तय डायवर्जन रूट का पालन करने के लिए कहा गया है, ताकि कार्यक्रम के दौरान जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने।

पुलिस अधीक्षक यातायात, सहारनपुर की ओर से जारी एडवाइजरी में साफ किया गया है कि यह व्यवस्था कार्यक्रम के मद्देनजर अस्थायी रूप से लागू की जा रही है।

Share This Article