श्यामा-श्याम की सखियों की पहल पर पहली बार भव्य श्रीमद्भागवत कथा

16 से 23 सितंबर तक आशीर्वाद बैंकट हॉल में चलेगा आठ दिवसीय धार्मिक आयोजन, 16 सितंबर को शिव दुर्गा मंदिर से निकलेगी मंगल कलश यात्रा

मुजफ्फरनगर। नगर में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से श्यामा-श्याम जी की सखियां नामक धार्मिक संस्था की ओर से पहली बार भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। आठ दिवसीय कथा महोत्सव 16 से 23 सितंबर तक आशीर्वाद बैंकट हॉल में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।

शनिवार को भरतिया कालोनी नई मंडी स्थित श्री बाला जी धाम परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान संस्था की संस्थापक नीलू अग्रवाल और रेणु अग्रवाल ने इस धार्मिक आयोजन की जानकारी दी। पूर्व पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने कार्यक्रम के संबंध में बताया कि श्यामा-श्याम जी की सखियां संस्था की सभी सदस्यों के विशेष प्रयासों से महिला संगठन की शुरुआत हुई, जिसके माध्यम से इस धार्मिक आयोजन को व्यापक रूप दिया जा रहा है। कथा में प्रसिद्ध कथावाचक संत हिमेश शास्त्री कथा व्यास के रूप में श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों का श्रवण कराएंगे। उनके प्रवचन विभिन्न धार्मिक प्रसारण माध्यमों और सामाजिक माध्यमों पर भी प्रसारित होते हैं। आयोजन समिति के अनुसार कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्त चरित्रों और धार्मिक प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  भाजपा जिला कार्यसमिति का गठन: श्वेता व आंचल उपाध्यक्ष, ममता मंत्री बनीं

बताया कि इस पहले कथा महोत्सव का शुभारंभ 16 सितंबर को सुबह 8.30 बजे शिव दुर्गा मंदिर, लक्ष्मण विहार से निकलने वाली मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। श्रद्धालु महिलाएं कलश धारण कर यात्रा में शामिल होंगी। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा कथा स्थल आशीर्वाद बैंकट हॉल पहुंचेगी, जहां विधिवत कथा का शुभारंभ होगा। 16 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा में भागवत महात्म्य से लेकर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा, रासलीला, रुक्मणी विवाह, सुदामा चरित्र और भागवत धर्म सहित विभिन्न प्रसंगों का वर्णन होगा।

इसे भी पढ़ें:  24वें में तीर्थंकर भगवान महावीर की मनाई गई 2624वीं जन्म जयंती

उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को भागवत महात्म्य, राजा परीक्षित को श्राप, शुकदेव आगमन और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव होगा। 17 सितंबर को शुक-परीक्षित चरित्र, मनु-कर्दम चरित्र, वराह अवतार और कपिलोपदेश का प्रसंग होगा। 18 सितंबर को सती चरित्र, ध्रुव आख्यान, जड़ भरत चरित्र, अजामिलोद्धार और नृसिंह अवतार का वर्णन किया जाएगा। 19 सितंबर को गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार, श्रीराम चरित्र, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और नंदोत्सव मनाया जाएगा। 20 सितंबर को श्रीकृष्ण बाल लीला, गोवर्धन लीला, छप्पन भोग और अन्नकूट महोत्सव होगा। 21 सितंबर को रासलीला तथा श्रीकृष्ण-रुक्मणी मंगल विवाह का प्रसंग होगा। 22 सितंबर को सुदामा चरित्र, भागवत धर्म, उद्धवोपदेश और कथा सार के साथ कथा विश्राम होगा। 23 सितंबर को विशाल हवन, प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी लोगों से कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से पूर्व पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल, भीम कंसल, रेनू गुप्ता, नीलू अग्रवाल, अंजू गोयल, हेमलता, निधि गुप्ता, सुचिता गोयल, चारू भारद्वाज, मिथलेश, मोनिका गोयल, अंजना कंसल, श्रुति आदि मौजूद रहीं।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों में कोहराम
Share This Article