20 दमकल गाड़ियां चार घंटे से आग बुझाने में जुटीं, कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार, प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के कुकड़ा चौराहे के पास शनिवार सुबह प्लास्टिक के एक गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच हुई है। गोदाम में रखे प्लास्टिक के सामान ने आग पकड़ ली, जिसके चलते कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटों और आसमान में उठते काले धुएं के गुबार को कई किलोमीटर दूर से देखा गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक अग्निकांड में करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के दमकल केंद्रों से भी गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब 20 दमकल गाड़ियां आग बुझाने के अभियान में लगाई गई हैं। चार घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने और उस पर नियंत्रण पाने का प्रयास करने में जुटे हुए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीएम प्रशासन देश दीपक सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल, एसडीएम सदर शुभम रीवास्तव, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अनुराग सिंह और अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए दमकलकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आग बुझाने के लिए अतिरिक्त संसाधनों का भी इस्तेमाल किया गया।
धुएं के गुबार से दहशत, नुकसान का आकलन बाकी
गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग से उठता घना काला धुआं दूर-दूर तक फैल गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
आग की लपटों को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं। आग पूरी तरह शांत होने के बाद ही गोदाम में हुए वास्तविक नुकसान और अग्निकांड के कारणों का पता चल सकेगा। प्रारंभिक तौर पर करीब दो करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
