मीनाक्षी स्वरूप ने सफाई मित्रों को बांधी राखी, स्वच्छता का दिलाया संकल्प

नगरपालिका अध्यक्ष बोलीं-स्वच्छता भी जिम्मेदारी का बंधन, सभी मिलकर बनाएं स्वच्छ शहर, छात्राओं ने भी लिया हिस्सा

मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के स्वच्छ भारत मिशन और आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त सहयोग से पालिका परिसर स्थित सभागार में ‘बंधन स्वच्छता का’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रक्षाबंधन को स्वच्छता के संदेश से जोड़ते हुए सफाई मित्रों के साथ पर्व मनाया गया।

नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने सफाई मित्रों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारे सफाई मित्र शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिस तरह रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का बंधन मजबूत करता है, उसी तरह स्वच्छता भी समाज और शहरवासियों को जिम्मेदारी के एक सूत्र में बांधती है। इसमें हमें स्वच्छता के बंधन को भी बढ़ावा देते हुए सुन्दर और स्वच्छ शहर के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए इस बंधन से जुड़ना है।

इसे भी पढ़ें:  बड़ी राहतः अब अपने आप प्रीपेड से पोस्टपेड होंगे स्मार्ट मीटर

कार्यक्रम में जैन कन्या इंटर कॉलेज, गॉड ब्लेस एकेडमी, सनातन धर्म कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज और न्यू हॉरिजन पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने भी भाग लिया। छात्राओं ने पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार सहित अधिकारियों और कर्मचारियों को राखी बांधी। इसके साथ ही सभी ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने का संकल्प लिया।

इसे भी पढ़ें:  घर लौटते युवक की कनपटी पर लगाई पिस्टल, बाइक-नकदी लूटी

पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने छात्राओं के साथ ही सभी को स्वच्छता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि “रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना का भी प्रतीक है। हमें इस भावना को स्वच्छता से जोड़ते हुए अपने शहर को गंदगी और कूड़े से मुक्त रखने का संकल्प लेना चाहिए। सफाई मित्र जिस समर्पण के साथ शहर की स्वच्छता में योगदान दे रहे हैं, उनका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छ शहर तभी बनेगा, जब हर नागरिक स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर उसमें भागीदारी करेगा।”

उन्होंने छात्राओं और उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने घर, स्कूल, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और रक्षाबंधन के पारंपरिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनू चौधरी, सीएसएफआई योगेश कुमार, डीपीएम एसबीएम सुशील कुमार, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, एसबीएम लिपिक रुचि शर्मा, आईटीसी मिशन सुनहरा कल से दीपक सैनी, सफाई नायक कुमार गौरव व मनोज कुमार, जेएस एनवायरो सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट हेड नीतीश चौधरी सहित उनकी टीम, स्वच्छता चैंपियन मिथलेश सिंह, विभिन्न विद्यालयों की अध्यापिकाएं और छात्राएं तथा पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  रोडवेज बसों ने कांग्रेस नेता की बहन की कार को मारी टक्कर
Share This Article