मंत्री कपिल देव ने सुनी गरीबों की फरियाद, भगत सिंह रोड पर लगे ठिये

गरीब दुकानदारों की फरियाद सुनने शिव चौक पहुंचे नगर विधायक, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भी रहे मौजूद, व्यापारियों से बातचीत के बाद तीन दिन बाजार लगाने पर बनी सहमति

मुजफ्फरनगर। दीपावली पर भगत सिंह रोड के बीच ठिये लगाकर कारोबार करने वाले गरीब दुकानदारों और बाजार के व्यापारियों के बीच कई दिनों से चला आ रहा विवाद गुरुवार शाम समाप्त हो गया। पुलिस-प्रशासन के स्तर पर समाधान नहीं निकलने और शिव चौक पर धरना-प्रदर्शन के बाद भी असमंजस में फंसे ठिया संचालकों की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रदेश सरकार के कौशल विकास मंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल आगे आए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों की समस्याएं सुनीं और व्यापारियों से बातचीत कर बीच का रास्ता निकाला। इसके बाद भगत सिंह रोड पर तीन दिन के लिए ठिया बाजार लगाने पर सहमति बन गई।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-दो साल में टूटी सड़क तो नपेंगे ठेकेदारः कपिल देव

गुरुवार शाम मंत्री कपिल देव अग्रवाल गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से सीधे शिव चौक पहुंचे। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान भी मौजूद रहे। यहां कई दिनों से ठिये लगाने के लिए संघर्ष कर रहे गरीब दुकानदारों ने अपनी परेशानी बताई। दुकानदारों का कहना था कि दीपावली के अवसर पर सड़क किनारे और बीच में ठिये लगाकर वे कुछ अतिरिक्त कमाई कर अपने परिवार का त्योहार बेहतर तरीके से मनाना चाहते हैं।

ठिया संचालकों की बात सुनने के बाद मंत्री कपिल देव अग्रवाल भगत सिंह रोड के उन व्यापारियों के बीच पहुंचे, जो सड़क के बीच ठिये लगने का विरोध कर रहे थे। व्यापारियों को यातायात और बाजार में आने वाली भीड़ के कारण होने वाली परेशानियों की चिंता थी। मंत्री ने दोनों पक्षों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा और आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया। बातचीत के बाद व्यापारियों ने भी अपनी सहमति दे दी। इसके साथ ही भगत सिंह रोड पर तीन दिन के लिए ठिया बाजार लगाने का रास्ता साफ हो गया और दुकानदारों ने ठिये लगाने शुरू कर दिए।

इसे भी पढ़ें:  सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा, खड़े ट्रक में जा घुसी कार, एक की मौत, पांच घायल

मीडिया से बातचीत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि उन्हें ठिया लगाने वाले लोगों की परेशानी और व्यापारियों की आपत्ति की जानकारी मिली थी। इसी कारण वह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भगत सिंह रोड शहर का प्रमुख बाजार है और दीपावली के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचते हैं। ऐसे में सभी पक्षों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तीन दिन के लिए ठिया बाजार लगाने पर सहमति बनाई गई है।

इसे भी पढ़ें:  खतौली पुलिस फ्लैग मार्च: संवेदनशील इलाकों में सख्ती

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्पष्ट नीति है कि किसी गरीब का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए और सभी को समान अवसर मिलना चाहिए। त्योहारों की खुशियां सभी वर्गों के लोग मिलकर मनाएं। दीपावली ऐसा पर्व है, जब छोटे दुकानदार और गरीब परिवार भी अतिरिक्त कारोबार कर अपनी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने की उम्मीद रखते हैं। ऐसे लोगों को अवसर मिलना चाहिए। मंत्री ने बताया कि इस संबंध में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि बाजार में व्यवस्था बनी रहे और दुकानदारों को कारोबार करने में परेशानी न हो। विवाद समाप्त होने के बाद ठिया संचालकों ने मंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान का आभार जताया।

Share This Article