मोरना से तीन बच्चों की मां लापता, पति ने मुख्यालय आकर की शिकायत

पीड़ित की शिकायत पर अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया

ककराला गांव के युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, सकुशल बरामदगी और सख्त कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के मोरना कस्बे से तीन बच्चों की मां के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पीड़ित पति ने परिजनों के साथ मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। उसने आरोप लगाया कि ककराला गांव का एक युवक उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पीड़ित ने पत्नी की सकुशल बरामदगी के साथ आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  पुरकाजी के विकास को 21 करोड़ का बजट लाए जहीर फारूकी

पीड़ित पति ने अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पत्नी कुछ समय पहले संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। उसका आरोप है कि ककराला गांव निवासी एक युवक उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया है। इस घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इसे भी पढ़ें:  गन्ना नियंत्रण आदेश-2026 वापस, किसानों और जनप्रतिनिधियों में खुशी

पीड़ित का कहना है कि उसने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दी, लेकिन अभी तक उसकी पत्नी का कोई सुराग नहीं लग सका है। उसने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने, पत्नी को सकुशल बरामद कराने तथा नामजद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। कलेक्ट्रेट पहुंचे पीड़ित की शिकायत पर अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-विकास के लिए आठ निकायों को मिले 17.84 करोड़
Share This Article