चिलचिलाती दोपहरी और लू के थपेड़ों ने बढ़ाई मुसीबत, बार-बार लगने वाला जाम बना कड़ी चुनौती
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर का शहर हो या देहात इन दिनों भीषण गर्मी, लू और लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम की दोहरी मार झेल रहा है। आसमान से बरस रही आग और सड़कों पर घंटों तक रेंगते वाहनों ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सुबह से शुरू होने वाली चिलचिलाती धूप दोपहर तक विकराल रूप ले रही है, वहीं शहर के प्रमुख मार्गों पर बार-बार लग रहे जाम ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। गर्म हवाओं और धूप के बीच जाम में फंसे लोग पसीने से तरबतर नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है।
शनिवार, रविवार के बाद सोमवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया था। दोपहर के समय लू के थपेड़ों और गर्म हवाओं के कारण शहर की सड़कें सूनी दिखाई दीं, लेकिन जहां ट्रैफिक अधिक रहा वहां लोग जाम में फंसकर परेशान होते नजर आए। शिव चौक, भगत सिंह रोड, महावीर चौक, रुड़की रोड, मेरठ रोड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कई बार वाहनों की लंबी कतारें लगीं नजर आई। अंसारी रोड पर चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे बाइक सवार, स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान दिखाई दिए।
तेज गर्मी के बीच यातायात व्यवस्था भी लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। शहर के व्यस्त चौराहों पर वाहनों का दबाव बढ़ने और सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण बार-बार जाम की स्थिति बन रही है। कई स्थानों पर लोगों को कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में भी लंबा समय लग रहा है। गर्मी में वाहनों के बीच फंसे लोग बार-बार पानी और छांव तलाशते दिखाई दिए। पिछले चार से पांच दिनों से जिले का अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दोपहर के समय यह तापमान और अधिक महसूस हो रहा है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। शाम ढलने के बाद भी गर्म हवाएं चलने से राहत नहीं मिल रही। रात में उमस बढ़ने से लोग देर रात तक कूलर और एसी का सहारा लेने को मजबूर हैं।
भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल और निजी चिकित्सालयों में निर्जलीकरण, चक्कर आना, सिरदर्द, कमजोरी और उल्टी की शिकायत वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि लगातार धूप और गर्म हवाओं के बीच जाम में लंबे समय तक फंसे रहने से लोगों की तबीयत अधिक बिगड़ रही है। बच्चों, बुजुर्गों और खुले में काम करने वाले मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। पश्चिमी दिशा से चल रही गर्म हवाएं तापमान को और बढ़ा सकती हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में लू का असर और अधिक तेज होगा। प्रशासन और यातायात विभाग के सामने भीषण गर्मी के बीच शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
झुलसाने वाली गर्मी का अलर्ट, 23 मई तक बढ़ेगी तपिश
उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुंदेलखंड समेत दक्षिणी यूपी के कई जिले भीषण लू और झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने 19 से 23 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तपिश बढ़ने, गर्म हवाएं चलने और पारे में लगातार बढ़ोतरी होने की जानकारी दी है। इससे कई जिलों में दिन के समय हालात और कठिन होने की आशंका है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने के आसार हैं। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले कुछ दिनों में गर्मी के तेवर और तल्ख होंगे। तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने के आसार हैं। अगले तीन दिन में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।






