सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में दर्ज हुआ था मुकदमा, दो सिपाहियों के सहारे लंगड़ाते हुए नजर आया आरोपी
मुजफ्फरनगर। थाना बुढ़ाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हिंदू धर्म और हिंदू समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने आरोपी तालिब को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें वह दो सिपाहियों के कंधों के सहारे लंगड़ाते हुए चलता दिखाई दिया। वीडियो में आरोपी अपने कृत्य पर माफी मांगता हुआ भी नजर आया। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।
घटनाक्रम के अनुसार, गांव जौला निवासी तालिब पुत्र गुलफाम के खिलाफ बजरंग दल के प्रखंड संयोजक आशु त्यागी ने थाना बुढ़ाना में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर हिंदू धर्म तथा हिंदू माताओं-बहनों के संबंध में अभद्र, अपमानजनक और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए पोस्ट साझा की थी। शिकायत में कहा गया था कि उक्त पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई।
शिकायत मिलने के बाद थाना बुढ़ाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने तालिब को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जारी किए गए पुलिस के वीडियो में आरोपी दो पुलिसकर्मियों के कंधों के सहारे लंगड़ाते हुए चलता दिखाई दिया। वीडियो में उसने अपने द्वारा की गई हरकत पर खेद व्यक्त करते हुए माफी भी मांगी। पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया तथा प्रकरण की जांच नियमानुसार आगे बढ़ाई गई।
