मुजफ्फरनगर-पीछा कर रहे जीएसटी सचल दल पर जानलेवा हमले का प्रयास

जीएसटी सचल दल निरीक्षक ने पुलिस से की शिकायत, गाड़ी चालक को पकड़ा, दस्तावेजों में मिली गड़बड़ी

मुजफ्फरनगर। गाजियाबाद से कर चोरी कर लाए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट से भरी एक संदिग्ध गाड़ी को रोकने के प्रयास में जीएसटी सचल दल पर जानलेवा हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। पीछा कर रहे दल की टीम को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना के बाद जीएसटी सचल दल के निरीक्षक द्वारा टीम के साथ मौके पर ही चालक को पकड़ लिया गया। टक्कर लगने के कारण विभागीय गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है। जांच के दौरान वाहन के दस्तावेजों में भी गंभीर गड़बड़ियां पाई गई हैं। इस सम्बंध में पुलिस को भी शिकायत देने की बात कही गई है। हालांकि मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है।

इसे भी पढ़ें:  UP में 1 लाख गुमशुदा लोग: हाईकोर्ट सख्त, DGP और ACS से जवाब तलब

सूत्रों के अनुसार जनपद में बाहरी जनपदों से आ रहे माल और सामान की निगरानी के लिए जीएसटी एसआईबी की सचल दल की टीम दिन रात फील्ड में जांच कर रही है। ऐसे ही मामले में सचल दल के निरीक्षक नितिन वाजपेयी अपनी टीम के साथ खालापार थाना क्षेत्र के वहलना चौक के पास माल लेकर आने वाले वाहनों की जांच पड़ताल कर रहे थे। इसी बीच मेरठ की ओर से एक पिकअप गाड़ी, जिसमें काफी माल भरा नजर आ रहा था, आती नजर आई। बताया गया कि सचल दल के निरीक्षक नितिन वाजपेयी द्वारा टीम के साथ इस गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया तो गाड़ी चालक ने गति बढ़ा दी और जीएसटी टीम के बैरियर को लांघकर भागने लगा।

इसे भी पढ़ें:  सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार, आरटीआई कार्यकर्ता सुमित मलिक ने की भूख हड़ताल

सचल दल द्वारा अपनी विभागीय गाड़ी से इस पिकअप का पीछा गया। ऐसे में कई बार भाग रहे पिकअप चालक ने विभागीय गाड़ी को टक्रक मारकर क्षतिग्रस्त करने और पलटाने का प्रयास किया। यह भागदौड़ वहलना चौक से दिल्ली देहरादून हाईवे बाइपास के अंडरपास तक होती रही। इस बीच किसी प्रकार ओवरटेक कर जब सचल दल द्वारा अपनी गाड़ी आगे लगाई गई तो पिकअप चालक ने सीधी टक्कर मारकर टीम पर जानलेवा हमले का प्रयास किया गया, इसमें टीम में शामिल अधिकारी और कर्मचारियों को कोई गंभीर चोट तो नहीं आई, लेकिन गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। टीम ने पिकअप चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

जीएसटी एसआईबी के ज्वाइंट कमिश्नर सिद्धेश चंद दीक्षित ने बताया कि गाजियाबाद की एक फर्म से इलैक्ट्रिानिक्स वेस्ट केपिसीटर लेकर पिकअप चालक यहां आ रहा था। विभाग के सचल दल द्वारा यहां वहलना चौक पर उसको रोकने का प्रयास किया गया तो वो भागने लगा और पीछा करने पर गाड़ी में टक्कर मारी गई। मामले में पाया गया कि सम्बंधित माल के वैध दस्तावेज नहीं थे और टैक्स चोरी के इरादे से ई वे बिल भी नहीं बनाया गया था। यह माल यहां दो फर्म के नाम पर भेजा जा रहा था। इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई है। साथ ही यहां जिन दो फर्म के लिए ये माल भेजा जा रहा था, उनकी भी जांच की जा रही है। वहीं खालापार थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान ने बताया कि जीएसटी विभाग की ओर से पुलिस को कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है, शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जायेगी।

इसे भी पढ़ें:  सपा जिलाध्यक्ष जिया के बयान पर बवाल, हिंदू संगठनों में पनपा आक्रोश
Share This Article