सपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की वीडियो, सपा विधायकों के बीच चंदन ने बिताया खूब समय
मुजफ्फरनगर। सपा की सांसद इकरा हसन के 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में रालोद को भाजपा से 50 सीटें मिलने वाले बयान को लेकर सियासी पारा खूब गरम है। रालोद के बड़े नेता सपा सांसद इकरा के इस बयान पर तिलमिलाये हुए हैं, उनको पलटवार कर जवाब दिया जा रहा है।

रालोद कोटे से यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार का पलटवार भी चर्चाओं में है, ऐसे में एक शादी समारोह की कुछ तस्वीरों ने इस बयानबाजी वाली गरमाहट में पुराने रिश्तों की शर्म में मेल मिलाप की ऐसी सियासी कव्वाली पेश की, जिसमें ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद…’ के लकब पर रालोद अध्यक्ष के चंदन भी सपा विधायकों के संग नेताओं के इशारे पर खूब झूमते और खिलखिलाते नजर आये। सपा नेताओं ने भी एनडीए के सांसद रालोद युवा विंग के अध्यक्ष चंदन चौहान की इस दोस्ताना मौजूदगी का फायदा उठाते हुए उनका वार-फेर करते हुए जमकर नोट उड़ाये। इस महफिल के कई वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट किये गये हैं।

जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी में मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे राशिद मलिक की बहन की शादी विगत दिवस हुई। सहारनपुर जनपद के गागलहेडी से दूल्हा दानिश मलिक अपने रिश्तेदारों और परिजनों के साथ दुल्हन को ब्याहने के लिए बारात लेकर रुड़की रोड स्थित किरण फार्म में आया था। यहां पर राशिद मलिक ने अपनी बहन की शादी को यादगार बनाने के लिए बड़ी सियासी महफिल सजाई। इसमें सहारनपुर देहात के विधायक और बड़े सपा नेताओं में शुमार किये जा रहे आशु मलिक, सपा के तेजतर्रार विधायक पंकज मलिक, सपा के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, सपा के टिकट पर मीरापुर से चुनाव लड़ चुके लियाकत अली, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे और जिला बार संघ के अध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट, माजिद सिद्दीकी के अलावा पूर्व सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान सहित कई सियासी रूतबे वाले लोग शामिल रहे।

इस पंक्ति में सबसे ज्यादा आकर्षण की बात यह रही कि यहां सपा विधायकों और सपा के बड़े नेताओं के बीच राशिद के दावतनामे को कबूल कर दोस्ताना फर्ज निभाने के लिए रालोद के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और एनडीए गठबंधन में रालोद के बिजनौर सीट से सांसद चंदन सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
इस शादी समारोह के कई वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर सपा नेताओं के साथ ही खुद सपा विधायक आशु मलिक ने भी पोस्ट की है। इस वीडियो में राशिद मलिक अपने दोस्त अब्दुल्ला कुरैशी जानसठ के साथ खुलकर नोट उड़ाते नजर आ रहे है। दरअसल मेहमानों के मनोरंजन के लिए राशिद मलिक और परिजनों की ओर से कव्वाली का भी प्रबंध किया गया था। यहां अग्रिम पंक्ति में सपा विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ राशिद मलिक भी मौजूद रहे। इसी पंक्ति में प्रमोद त्यागी और माजिद सिद्दीकी के बीच में रालोद सांसद चंदन चौहान भी बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
राशिद मलिक अखिलेश यादव के गुणगाण वाली कव्वाली शुरू होते ही अपनी जेब से सौ के नोट की नई गडडी निकालते हैं और विधायक आशु मलिक पर कुछ नोटों से वार फेर कर कव्वाल के सिर पर उड़ा देते हैं। इसके बाद अब्दुल्ला कुरैशी इस नोट की गडडी को थामकर सपा नेताओं के साथ ही रालोद सांसद चंदन चौहान को सीट से खड़ा कर उनके सिर पर वार-फेर करने के बाद नोट उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान कव्वाल ये कव्वाली पेश कर रहा था, अखिलेश यादव जिंदाबाद…..’ और जयंत का चंदन उड़ते नोटों को देखकर झूमता, मुस्कुराता नजर आता है। इस वीडियो को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही है।






