घर के आंगन में बहन का गला काटने वाला हत्यारोपी भाई गिरफ्तार

झूठे स्वाभिमान में सगे भाई ने धारदार हथियार से की थी बहन की नृशंस हत्या, पुलिस मुठभेड़ में आमिर हुआ घायल

मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में मोबाइल पर बात करने से नाराज होकर अपनी ही 20 वर्षीय सगी बहन अदीबा की गला काटकर हत्या करने वाले कलयुगी भाई आमिर को पुलिस ने सोमवार को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बसी-पलड़ी के जंगलों में हुई इस पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि उसकी मां की तहरीर पर पहले ही हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा चुका था।

शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुटबा चौकी इंचार्ज आनंद कुमार और उनकी पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बहन की हत्या का आरोपी आमिर बसी और पलड़ी गांव के बीच जंगलों में छिपा हुआ है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी आमिर के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-बागी बेटी की गलत आरजू-मजदूर पिता ने मजबूर होकर घोंट दिया गला

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, शाहपुर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह, कस्बा चौकी इंचार्ज राहुल कुमार और हरसौली चौकी इंचार्ज विकास चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार बरामद करने के साथ ही उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। यह पूरी घटना कथित ऑनर किलिंग यानी झूठी शान के लिए की गई हत्या से जुड़ी है।

इसे भी पढ़ें:  मां की ममता: चैत्र नवरात्र पर महिला उत्थान को नवशक्ति यात्रा का शुभारंभ

डेढ़ साल से अपने दादा के घर रहती थी युवती, अचानक हो गई थी गायब

आदमपुर निवासी पशुपालक शकील कुरैशी की 20 वर्षीय बेटी अदीबा नजदीक के ही गांव पलड़ी में अपने दादा खलील के घर रहती थी। शनिवार शाम को वह अचानक कहीं चली गई थी, जिसकी काफी तलाश की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। रविवार सुबह लौटी थी घररू रविवार सुबह करीब 10.30 बजे अदीबा वापस अपने घर आदमपुर आई और आंगन में अपनी मां नसीमा के साथ बैठकर बात करने लगी। इसी दौरान उसका बड़ा भाई आमिर वहां पहुंच गया। आमिर को अदीबा के किसी युवक से फोन पर बात करने को लेकर गहरी नाराजगी थी। घर आते ही आमिर ने अदीबा से इस बात को लेकर बहस शुरू कर दी।

कमरे में बंद कर छुरे से रेता था गला, मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

देखते ही देखते भाई-बहन के बीच की यह बहस हिंसक रूप ले बैठी। गुस्से से तमतमाए आमिर ने अदीबा को जबरन एक कमरे में बंद कर दिया और घर में रखे एक धारदार छुरे से अपनी सगी बहन की गर्दन काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आमिर अपनी लहूलुहान बहन को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अदीबा के शव के पास से ही हत्या में इस्तेमाल किया गया आला-कत्ल (धारदार हथियार) बरामद कर लिया था। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद मृतका की मां नसीमा ने खुद अपने बड़े बेटे आमिर के खिलाफ शाहपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

इसे भी पढ़ें:  खतौली में पुलिया निर्माण को लेकर विरोध, मकानों और सुरक्षा पर उठे सवाल
Share This Article