मेरठ छात्रा हत्याकांडः पीड़ित परिवार ने अखिलेश यादव से की मुलाकात

अखिलेश ने कसा तंज-जो खुद बेलगाम, उसके दरबार के दरबान के कहने ही क्या?

कैराना सांसद इकरा हसन ने परिवार की कराई मुलाकात, सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया पर सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

मुजफ्फरनगर। मेरठ के रोहटा क्षेत्र में अनुसूचित जाति की छात्रा के अपहरण और हत्या के मामले ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। इस प्रकरण को लेकर पीड़ित परिवार ने कैराना से सांसद इकरा हसन के साथ लखनऊ पहुंचकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने तंज कसते हुए एक शेर के अंदाज में कहा कि, -जब वो ख़ुद ही बेलगाम है जिसके हाथ में लगाम है, तो फिर उनका क्या, जो उनके दरबार में दरबान है!

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-बाइक सवार तीन लुटेरे बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक घायल

मेरठ के रोहटा क्षेत्र की दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर प्रदेश की राजनीति लगातार गरमा रही है। पीड़ित परिवार के प्रतिनिधियों ने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचकर अखिलेश यादव से पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की। बैठक में सांसद इकरा हसन भी शामिल रहीं और उन्होंने परिवार का पक्ष प्रमुखता से उठाया। मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पीड़ित परिवार के साथ तस्वीरें साझा करते हुए प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा हत्याकांड में नामजद आरोपियों के विरुद्ध अपेक्षाकृत कमजोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले लोगों पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-हाईटेंशन लाइन से टकराया ट्रक, पत्नी के साथ जिंदा जल गया सिपाही

सपा प्रमुख ने अपने संदेश में कहा कि न्याय की उम्मीद रखने वाली जनता के साथ इस प्रकार का व्यवहार चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्यप्रणाली निष्पक्ष नहीं दिखाई दे रही है और सरकार महिलाओं की सुरक्षा तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के अपने दायित्व का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने में विफल रही है। अखिलेश यादव ने पुलिस अधिकारियों के व्यवहार को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि हाल के घटनाक्रमों से प्रदेश पुलिस की छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने दावा किया कि निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी भी ऐसी घटनाओं से असहज महसूस कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगी और न्याय की अपेक्षा कर रही है। इस बीच छात्रा हत्याकांड को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। विपक्ष सरकार पर कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर निशाना साध रहा है, जबकि मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच एवं विधिक कार्रवाई जारी है। राजनीतिक दलों की सक्रियता के बीच यह मामला प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक चर्चाओं में शामिल हो गया है।

इसे भी पढ़ें:  दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला: अब दो साल बाद भी मिलेगी पुरानी गाड़ियों की NOC | लाखों वाहन मालिकों को राहत
Share This Article