महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, जिलाधिकारी जसजीत कौर ने किया स्वागत
बिजनौर। प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार ने रविवार को बिजनौर में आयोजित श्एक पेड़ माँ के नामश् वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया। महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज, स्वहेड़ी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मंत्री का स्वागत किया, जबकि विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि एक पौधा केवल वृक्ष नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने लोगों से प्रकृति संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान करते हुए हरित, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मंत्री अनिल कुमार का स्वागत करते हुए अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि जनसहभागिता से ही वृक्षारोपण अभियान अपने उद्देश्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने पौधों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष ओमपाल कश्यप और भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष शांकेन्द्र, महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. नीरज तोमर, हनी तोमर, अभियान के नोडल अधिकारी योगेश कुमार, सामाजिक वानिकी विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। आयोजकों ने बताया कि अभियान के तहत जिले में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
