शिव चौक पर पहुंचकर कांवड़िया ने की भगवान शिव की परिक्रमा, आकर्षण का केंद्र बना रहा बॉबी
मुजफ्फरनगर। सावन मास की कांवड़ यात्रा के बीच बुधवार को मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर एक अनोखी कांवड़ लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर से सजी इस कांवड़ को देखने के लिए श्रद्धालुओं और राहगीरों की भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ देर के लिए व्यस्त शिव चौक पर लोग रुककर इस कांवड़ को निहारते रहे और चर्चा करते रहे कि योगीराज में अखिलेश के लिए कांवड़ लाकर शिव भक्त ने अपने वफादारी प्रकट की है। कई लोगों ने मोबाइल फोन से तस्वीरें एवं वीडियो भी रिकॉर्ड किए।
जानकारी के अनुसार नोएडा निवासी बॉबी यादव अपने साथियों के साथ हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर नोएडा स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए हैं। उनकी कांवड़ पर लगी अखिलेश यादव की तस्वीर ने यात्रा मार्ग में लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। मुजफ्फरनगर से गुजरने के दौरान भी यह कांवड़ लोगों के बीच उत्सुकता का विषय बनी रही।
बॉबी यादव ने बताया कि वह कई वर्षों से नियमित रूप से कांवड़ यात्रा करते आ रहे हैं और भगवान शिव के प्रति उनकी गहरी आस्था है। इस वर्ष उन्होंने अपनी व्यक्तिगत इच्छा और संकल्प के साथ यात्रा शुरू की है। उनका कहना है कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव दोबारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें, इसी कामना के साथ उन्होंने यह कांवड़ उठाई है और बाबा भोलेनाथ से अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करेंगे।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व और कार्यशैली से वह प्रभावित हैं तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य और सफलता की कामना भी करते हैं। उनका विश्वास है कि भगवान शिव की कृपा से उनकी प्रार्थना स्वीकार होगी। वहीं, शिव चौक से गुजरती इस अनोखी कांवड़ ने श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच काफी देर तक चर्चा का विषय बनी रही।
