बुढ़ाना नई बस्ती में दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप, गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाए गए तालिब ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र की नई बस्ती में शनिवार सुबह कथित अवैध संबंधों के शक को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक ने अपनी प्रेमिका के पति तालिब पर गंडासे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल तालिब को आनन-फानन में बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि नई बस्ती में शनिवार सुबह किसी बात को लेकर आरोपी युवक और तालिब के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गंडासा निकालकर तालिब पर हमला कर दिया। आरोपी ने उसके शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घायल तालिब को तत्काल बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तालिब ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक और तालिब की पत्नी के बीच अवैध सम्बंध होने की बात सामने आई है। इन्हीं सम्बंधों के शक में तालिब ने आज आरोपी को पकड़कर नाराजगी जताई थी, जिस पर दोनों के बीच बहस हो गई और आरोपी ने दिनदहाड़े ही सरेआम तालिब पर ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया। इस ने वारदात के पीछे कथित अवैध संबंधों को लेकर चल रहे विवाद की जांच शुरू कर दी है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मेरठ में उपचार के दौरान हुई मौत, एसएसपी ने पुलिस की दो टीम की गठित
क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि शनिवार, 8 अगस्त को बुढ़ाना पुलिस को सूचना मिली कि तालिब पुत्र तौसीफ, निवासी खेल मोहल्ला लखीपुरा, थाना लिसाड़ी गेट जनपद मेरठ, वर्तमान में अपने परिवार के साथ कस्बा बुढ़ाना की नई बस्ती में किराये के मकान में रह रहा था। उस पर हाशिम पुत्र अनीश अब्बासी निवासी नई बस्ती, चांद मस्जिद के पास, बुढ़ाना ने जान से मारने की नीयत से गंडासे से हमला कर दिया। हमले में तालिब गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज, मेरठ रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान तालिब की मौत हो गई।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद आरोपी हाशिम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय स्तर पर घटना को कथित अवैध संबंधों से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस अधिकारी की ओर से दिए गए बयान में हत्या के कारण के संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
