पंज प्यारे के साथ गुरु अरदास के बाद श्री गुरु सिंह सभा के मुख्य अतिथि सतीश चंद गोयल रखा नींव पत्थर, गुरुद्वारा कमेटी ने किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा रोडवेज में सोमवार को दरबार साहिब हॉल के विस्तारीकरण के लिए नींव पत्थर रखने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख उद्यमी एवं समाजसेवी सतीश चंद गोयल को श्री गुरु सिंह सभा मुजफ्फरनगर की ओर से मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने पंज प्यारों की अगुवाई में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान गुरु अरदास के बाद बाद दरबार हॉल के विस्तारीकरण के लिए नींव पत्थर रखा।

नींव पत्थर कार्यक्रम में पधारने के बाद मुख्य अतिथि जिले के प्रमुख उद्यमी और समाजसेवी सतीश चंद गोयल ने गुरु दरबार में मत्था टेककर और गुरु ग्रंथ साहिब की परिक्रमा के बाद सभी के लिए सुख, समृद्धि और शांति के लिए अरदास की। कमेटी की ओर से मुख्य अतिथि सतीश चंद गोयल और पंज प्यारों को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात धार्मिक कार्यक्रम के बीच दरबार साहिब के हॉल के विस्तारीकरण कार्य के लिए सतीश चंद गोयल ने नींव पत्थर रखा। इस दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा और धार्मिक वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में गुरुद्वारा दरबार हॉल के विस्तार को लेकर उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। हॉल के विस्तारीकरण से श्रद्धालुओं और संगत को धार्मिक आयोजनों के दौरान अधिक स्थान उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इस दौरान श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सतपाल मान ने बताया कि संगत की सुविधा के लिए गुरुद्वारा रोडवेज के दरबार हॉल के विस्तारीकरण पर काफी दिनों से मंथन चल रहा था। आज इसके लिए नींव पत्थर रखा गया है और हमें प्रसन्नता है कि ये नींव पत्थर गुरु ग्रंथ साहिब में सच्ची आस्था रखने वाले समाज के हितों के प्रति हमेशा ही चिंतित रहने वाले समाजसेवी सतीश चंद गोयल जैसे व्यक्ति के हाथों से रखा गया है। इसके लिए पूरी कमेटी और समाज में खुशी है, क्योंकि समाजसेवी सतीश चंद गोयल संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित हैं और जिस प्रकार से गुरु गोविंद सिंह तथा उनके चार साहिबजादों की याद में वो बाल दिवस को सच्ची श्रद्धा के साथ मनाकर समाज में सिक्ख समाज के शहीद गुरुओं के आदर्श नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं, वो सराहनीय है।
मुख्य अतिथि सतीश चंद गोयल ने अपने व्यक्तव्य में कहा कि वो श्री गुरु सिंह सभा कमेटी के सभी पदाधिकारियों और समाज के आभारी हैं कि उन्होंने इतना बड़ा पुनीत अवसर उनको प्रदान किया। सिक्ख समाज के सभी गुरुओं ने देश और धर्म के लिए बलिदान दिया, अपना सर्वस्व लुटा दिया। गुरु गोविंद सिंह और उनके परिवार का बलिदान विश्व का सबसे बड़ा बलिदान है। युवाओं को इस बलिदान से प्रेरित होकर देश, धर्म और समाज के हितों की रक्षा के लिए अपना योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार सतपाल सिंह मान, सेक्रेटरी सरदार अजीत सिंह मलिक सहित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा रोडवेज कमेटी के पदाधिकारी व अन्य सदस्य मौजूद रहे।
