गणपति जन्मोत्सव पर सजेगा भव्य दरबार, 14 सितंबर को निकलेगी शोभायात्रा

भरतिया कॉलोनी में 11 दिवसीय आयोजन की तैयारी तेज, स्वर्ण श्रृंगार, 56 भोग और रजत पालना रहेंगे आकर्षण का केंद्र

मुजफ्फरनगर। भरतिया कॉलोनी स्थित श्री गणपति खाटू श्याम मंदिर परिवार की ओर से इस वर्ष भी गणेश जन्मोत्सव धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। 14 से 24 सितंबर तक 11 दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। भगवान गणपति का विशेष स्वर्ण श्रृंगार, 56 भोग और रजत पालना आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

मंदिर समिति के संरक्षक भीमसेन कंसल ने शनिवार को श्री गणपति धाम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया कर्मियों को बताया कि सनातन परंपरा में भगवान गणेश को अग्रपूज्य माना गया है और किसी भी शुभ कार्य से पहले उनकी पूजा की जाती है। इसी धार्मिक भावना के साथ इस वर्ष भी गणेश जन्मोत्सव को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें:  बाढ़ प्रभावित गांव जीवनपुरी में वीरपाल निर्वाल ने किया दौरा

महोत्सव का शुभारंभ 14 सितंबर को सुबह 10 बजे मंदिर परिसर से निकलने वाली विशाल शोभायात्रा से होगा। भगवान गणपति स्वर्ण रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। शोभायात्रा नवीन मंडी स्थल, राजबाहा रोड, मुनीम कॉलोनी, नई मंडी बड़े डाकखाने के सामने, गौशाला रोड, पुरानी गुड़ मंडी, पीठ बाजार, बिंदल बाजार, मेहता क्लब, वकील रोड, चौड़ी गली, मोपा पुल, नई सड़क, मंडी बिजलीघर और बड़े डाकखाने के सामने से होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी। शोभायात्रा मार्ग को तोरणद्वारों और झंडों से सजाया जा रहा है। जगह-जगह श्रद्धालुओं की ओर से भगवान गणपति का स्वागत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में भगवान खाटू श्याम का विशाल रथ, 12 भव्य झांकियां, चार बैंड, दो ढोल-ताशे, दो रथ और आतिशबाजी शामिल होगी। देशभक्ति, महाकाल, हरसिद्धि माता और विराट रूप पर आधारित झांकियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन में दो ध्वनि वाहन भी शामिल किए जाएंगे। 15 सितंबर को शाम सात बजे राधा नाम कीर्तन, 16 सितंबर को श्रीराम संकीर्तन, 17 सितंबर को ताली कीर्तन और 18 सितंबर को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। 19 सितंबर को राधाष्टमी उत्सव, 20 सितंबर को सुंदरकांड पाठ और 21 सितंबर को देशभक्ति एवं भक्तिरस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  पति के समलैंगिक सम्बंध: पत्नी ने दर्ज कराया छह ससुरालियों पर मुकदमा

22 सितंबर को एकादशी संकीर्तन होगा, जबकि 23 सितंबर को शाम चार बजे पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। 24 सितंबर को भगवान गणपति की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इसके बाद हरिद्वार के सर्वानंद घाट पर विशाल भंडारे का आयोजन होगा। मंदिर समिति ने गणेश जन्मोत्सव के साथ स्वच्छता का संदेश देने का भी संकल्प लिया है। समिति ने नगर पालिका परिषद से शोभायात्रा से पहले और उसके बाद पूरे यात्रा मार्ग पर विशेष सफाई व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है। समिति का कहना है कि धार्मिक आयोजनों के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। भीमसेन कंसल के साथ मंदिर परिवार समिति के पदाधिकारियों अशोक गर्ग, अनिल गोयल, संजय मित्तल, चाचा जेपी गोयल, कैलाश चंद ज्ञानी, सोमप्रकाश कुच्छल, अम्बरीश सिंघल, विनोद राठी, बिजेन्द्र कुमार रानो, विकास अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, रजत गोयल, रजत राठी, नीरज गोयल, अमित गोयल, नवीन अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, शशांक राणा, अग्रिम सिंघल, नवनीत गुप्ता, तुषा गर्ग, यश गर्ग सहित अन्य सदस्यों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

इसे भी पढ़ें:  अमेरिका का भारत पर 25% टैरिफ का फैसला: ट्रंप का बड़ा बयान
Share This Article