मेरठ-पौड़ी हाईवे पर दुर्घटनाः दो बच्चियों समेत नौ घायल

कोहरे में हाईवे पर रॉन्ग साइड पहुंचा बेकाबू ट्रक, श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस में मारी टक्कर गांव सिकरेडा के पास हुआ हादसा, सिद्धबली मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे 25 श्रद्धालु

मुजफ्फरनगर। मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा में पहुंच गया और सामने से आ रही टूरिस्ट बस से जा टकराया। सिकरेड़ा गांव के निकट हुए इस हादसे में दो बच्चियों समेत नौ श्रद्धालु घायल हो गए। बस में सवार सभी लोग कोटद्वार स्थित सिद्धबली मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर के मौहल्ला अवध विहार निवासी ज्ञानेंद्र शर्मा सहित 25 लोग टूरिस्ट मिनी बस में सवार होकर उत्तराखंड के कोटद्वार स्थित सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। उनकी मिनी बस मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर सिकरेड़ा गांव के पास पहुंची तो सामने से रॉन्ग साइड आ रहे एक ट्रक ने डिवाइडर पार कर गलत दिशा में बस को सीधी तेज टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मिनी बस का आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस हादसे में मिनी बस में सवार अवध विहार निवासी ज्ञानेंद्र शर्मा पुत्र बलजोर, सीमा पत्नी पवन, अमरेश पुत्र योगेंद्र, टूरिस्ट बस चालक शाहरुख, सनी शर्मा पुत्र रविंदर शर्मा, सरिता पत्नी ब्रह्मपाल सिंह, छह वर्षीय दीशा पुत्री सनी, आठ वर्षीय आराध्या पुत्री ज्ञानेंद्र और पवन पुत्र रतन सिंह घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल भिजवाया गया। कुछ घायलों को एंबुलेंस में ही चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया।

इसे भी पढ़ें:  जैन समाज ने धूमधाम से मनाया रक्षाबंधन पर्व और श्री श्रेयांसनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव

क्रेन से हटवाई क्षतिग्रस्त बस, यातायात कराया सुचारू

हादसे के कारण मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर वाहनों की कतार लग गई और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टूरिस्ट बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। घायल ज्ञानेंद्र शर्मा के अनुसार ट्रक चालक घने कोहरे के बावजूद तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान ट्रक डिवाइडर पार कर गलत दिशा में आ गया और बस से टकरा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर बीआईटी पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया तथा चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  जिला परिषद् मार्किट में हरियाणा नारकोटिक्स टीम की बड़ी छापेमारी

ट्रक चालक-साथियों ने श्रद्धालुओं के साथ की मारपीट
मिनी बस में सवाल एक महिला श्रद्धालु नन्दिनी ने घटनास्थल पर ही मीडिया को जो बताया वो अमानवीय है। महिला का कहना है कि जब ट्रक चालक द्वारा घने कोहरे के बीच रॉन्ग साइड आकर उनकी मिनी बस में जोरदार टक्कर मारी तो चालक और उसके साथियों ने नीचे उतरने के बाद विरोध करने पर मिनी बस में सवार लोगों के साथ मारपीट की। एक व्यक्ति को तो कई थप्पड़ मारे गये। महिला का कहना है कि इस हादसे में मिनी बस के चालक की हालत ज्यादा गंभीर है। इसके अलावा सभी को चोट आई है। 6-7 लोगों को ज्यादा चोट आई है। बस में वो ही अकेली ऐसी बची हैं, जिनको कोई चोट नहीं आई। महिला ने मारपीट करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि वो सामने आने पर इन लोगों को पहचान सकती हैं।

इसे भी पढ़ें:  छह विद्यालयों के निरीक्षण में सामने आई उपस्थिति की स्थिति, बीईओ ने दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश
Share This Article