पूर्व विधायक शाहनवाज राणा के खिलाफ मुकदमा, दो बेटे भी फंसे

नई मंडी के कारोबारी ने कोतवाली में दर्ज कराया 75 लाख की धोखाधड़ी का केस, स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई लेकर भुगतान नहीं करने का आरोप

मुजफ्फरनगर। पूर्व विधायक शाहनवाज राणा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जीएसटी टीम की कार्रवाई के विरोध और बलवे के मामले में गिरफ्तारी, जमानत के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी और समन की कार्रवाई के बीच अब उनके खिलाफ 75 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का नया मुकदमा दर्ज हुआ है। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने शाहनवाज राणा के साथ उनके दोनों बेटों अब्दुल अहद राणा और शाहआजम राणा को भी मुकदमे में आरोपी बनाया है। तीनों पर एक कारोबारी द्वारा फर्जी दस्तावेजों के सहारे स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई लेकर भुगतान नहीं करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

नई मंडी कोतवाली में यह मुकदमा स्क्रैप कारोबारी जितेंद्र चौधरी पुत्र राजवीर सिंह निवासी भरतिया कॉलोनी की शिकायत पर दर्ज किया गया। कारोबारी जितेन्द्र की शिकायत के मुताबिक वह लोहे के स्क्रैप और स्पंज आयरन का कारोबार करते हैं। आरोप है कि सितंबर 2024 में एक विवाह समारोह के दौरान उनकी मुलाकात शाहनवाज राणा पुत्र बदर राणा निवासी सूजडु मेरठ रोड से हुई थी। बातचीत के दौरान शाहनवाज राणा ने कारोबार के सिलसिले में बात की और जितेन्द्र चौधरी को अपनी फैक्ट्री यूपी बोन मेटल प्रा.लि. मंगलौर जिला हरिद्वार उत्तराखंड आकर बात करने के लिए आमंत्रित किया।

इसे भी पढ़ें:  शामली में 200 करोड़ की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, डीएम ने दिए जांच के आदेश

जितेंद्र के अनुसार वो कारोबार का ऑफर मिलने के कारण अपने पुत्र भीम चौधरी के साथ मंगलौर उक्त फैक्ट्री में गया और वहां शाहनवाज राणा से मुलाकात की। इस दौरान शाहनवाज राणा के दोनों बेटे अब्दुल अहद राणा और शाह आजम राणा भी उस समय मौजूद थे। शाहनवाज राणा ने खुद को फैक्ट्री मालिक बताया और इसके लिए दस्तावेज भी दिखाये। तीनों ने उससे स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई करने को कहा तथा 20 दिन के भीतर भुगतान करने का भरोसा दिलाया।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में बच्चों को कराया पंजाब का वर्चअल टूर

दो किस्तों में 75 लाख रुपये का माल लेने का आरोप

जितेन्द्र ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भरोसे में आकर शिकायतकर्ता ने सितंबर 2024 में 40 लाख रुपये और नवंबर 2024 में 35 लाख रुपये का स्क्रैप व स्पंज आयरन यूपी बोन मेटल फैक्ट्री में सप्लाई किया। इस तरह कुल 75 लाख रुपये का माल दिया गया। आरोप है कि भुगतान मांगने पर शाहनवाज राणा और उनके दोनों बेटे लगातार टालमटोल करते रहे। शिकायतकर्ता का कहना है कि काफी समय तक भुगतान नहीं मिलने पर उसने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कथित रूप से उसे धमकाया। आरोप है कि उससे कहा गया कि उनके खिलाफ बहुत मुकदमे दर्ज हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई कराने से भी कुछ नहीं होगा। शिकायतकर्ता ने उसको तीनों के द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

फर्जी दस्तावेजों से फैक्ट्री का मालिक बताने का आरोप

जितेन्द्र द्वारा अपनी शिकायत में आगे कहा गया है कि 25 अगस्त 2025 को शिकायतकर्ता अपने पुत्र भीम चौधरी के साथ आरोपियों के आवास पर पहुंचा और बकाया रकम की मांग की। इस दौरान उसे कथित रूप से पता चला कि शाहनवाज राणा संबंधित फैक्ट्री के वास्तविक मालिक नहीं हैं, बल्कि कूटरचित और फर्जी दस्तावेज तैयार कर खुद को फैक्ट्री का मालिक दर्शाया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसी तरीके से उसे विश्वास में लेकर 75 लाख रुपये का माल हासिल किया गया।

इसे भी पढ़ें:  77वें गणतंत्र दिवस पर रिजर्व पुलिस लाइन्स में अनुशासन और शौर्य की भव्य परेड

शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने बताया कि कारोबारी की शिकायत के आधार पर नई मंडी कोतवाली में शाहनवाज राणा, अब्दुल अहद राणा और शाहआजम राणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक हरिओम सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, फैक्ट्री के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों, माल की सप्लाई और भुगतान संबंधी तथ्यों की जांच करेगी।

Share This Article