गांव बामनहेडी में दूधारू पशुओं को घेर में ले जाते समय आवारा गोवंश के झुंड ने घेरकर रौंदा, सिर और सीने पर गंभीर चोटें आने से गई जान, घटना से गांव में आक्रोश और परिवार में मातम
मुजफ्फरनगर। शहर से सटे गांव बामनहेड़ी में आवारा गोवंश का आतंक एक बुजुर्ग किसान की जान ले गया। सोमवार सुबह अपने दूधारू पशुओं को घेर में लेकर जा रहे 62 वर्षीय किसान राजकुमार पर आवारा गोवंश के झुंड ने हमला कर दिया। एक सांड ने पहले उन्हें जोरदार टक्कर मारकर जमीन पर पटक दिया और इसके बाद सांड समेत अन्य पशुओं ने उन्हें पैरों से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में आवारा पशुओं को लेकर भारी नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, बामनहेड़ी निवासी ठा. राजकुमार पुत्र शेर सिंह सोमवार सुबह करीब 6.30 बजे अपनी भैंसों सहित अन्य दूधारू पशुओं को लेकर घर से घेर की ओर जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर रास्ते में अचानक आवारा गोवंश का झुंड सामने आ गया। झुंड में कई सांड भी शामिल थे। बताया गया कि पशुओं को सामने देखकर एक सांड बिदक गया और उसने राजकुमार पर हमला बोल दिया। सांड ने उन्हें सींगों से टक्कर मारते हुए उछालकर सड़क पर पटक दिया। जमीन पर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई।
बचाव के लिए दौड़े ग्रामीण, लेकिन नहीं बच सकी जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमीन पर गिरने के बाद सांड और झुंड में शामिल अन्य पशुओं ने किसान को पैरों से रौंदना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए लाठी-डंडे लेकर पशुओं को भगाने का प्रयास किया। लोगों के एकत्र होने पर गोवंश का झुंड वहां से भाग निकला।
इसके बाद ग्रामीण और परिजन गंभीर रूप से घायल राजकुमार को उपचार के लिए चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान ठा. विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान ने बताया कि आवारा गोवंश के हमले में किसान की जान गई है। राजकुमार के माथे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जबकि सीने पर भी पशुओं द्वारा कुचले जाने के कारण चोटें आई थीं।
तीन बेटे और तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
राजकुमार खेतीबाड़ी और पशुपालन करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। सभी बच्चों का विवाह हो चुका है। रोजाना की तरह सोमवार सुबह भी वह अपने पशुओं को लेकर घेर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। किसान की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने गांव और आसपास के रास्तों पर घूम रहे आवारा गोवंश को लेकर कड़ा रोष जताया। उनका कहना है कि आवारा पशुओं के झुंड आए दिन लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्राम प्रधान विनोद के साथ ही ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़वाने और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
