Khatauli News: खतौली में 25.98 किलो गांजा के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पुलिस ने जेल भेजा

Khatauli News: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खतौली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को 25.98 किलो अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना खतौली पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स सेल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त गौरव उर्फ गौरा को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गौरव उर्फ गौरा (40) पुत्र ओमप्रकाश निवासी मोहल्ला देवीदास, कस्बा व थाना खतौली के रूप में हुई है।

इसे भी पढ़ें:  खतौली के.के. पब्लिक स्कूल होली मिलन समारोह में धूम

तलाशी में 25.980 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद

पुलिस ने बताया कि आरोपी को दोपहर करीब 1:36 बजे पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25.980 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खतौली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-दिनदहाड़े घेर से तीन गाय चोरी, किसान ने दर्ज कराया मुकदमा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पहले से ही थाना खतौली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पहले से कई मामलों में दर्ज है आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक गौरव उर्फ गौरा लंबे समय से अपराध जगत से जुड़ा रहा है। हाल ही में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में भी वह वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। अब उससे पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

इसे भी पढ़ें:  भव्य रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा शहर

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह, उपनिरीक्षक रजत सिंह, उपनिरीक्षक राघव बंसल समेत थाना खतौली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

Share This Article