खतौली। गर्भवती विवाहिता की उपचार के दौरान मौत के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मांग पूरी न होने पर जहर देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के साथ परिजन शनिवार को थाना खतौली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के अनुसार, मृतका शालू की शादी वर्ष 2024 में अंकुर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शालू का उत्पीड़न किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि मांग पूरी न होने पर उसे कथित रूप से जहर दे दिया गया।

बताया गया कि शुक्रवार शाम ससुराल पक्ष की ओर से शालू के पिता को फोन कर बुलाया गया। मौके पर पहुंचने पर शालू की हालत गंभीर मिली, जिसके बाद उसे उपचार के लिए मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को उपचार के दौरान शालू ने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। आक्रोशित परिजन ग्रामीणों के साथ थाना खतौली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी दिनेश चंद्र बघेल ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






