देवबंद। उत्तर प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने सिद्धपीठ मां त्रिपुर बाला सुंदरी देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने माता रानी से राष्ट्र की सुख-समृद्धि, उन्नति और जनकल्याण की कामना की।
मंदिर परिसर में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ राज्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विशेष आरती भी की।
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण और वैश्विक पहचान के क्षेत्र में मजबूत कदम आगे बढ़ाए हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और विकसित भारत के संकल्प की निरंतर सफलता के लिए माता रानी से प्रार्थना की गई।
राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि मां त्रिपुर बाला सुंदरी देवी मंदिर क्षेत्र की आस्था का बड़ा केंद्र है। यहां आकर राष्ट्र की उन्नति और जनकल्याण की कामना की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद देवबंद के अध्यक्ष विपिन गर्ग, भाजपा नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, जोगिंदर जाटव, राम मोहन सैनी, आलोक खटीक, विपिन भारती, अभिषेक त्यागी, विपिन त्यागी, अंकित राणा, अजय जैन, विनय काका सहित भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।






