मुजफ्फरनगर-कांवड़ यात्रा की सुरक्षा में उतरी एटीएस, एसएसपी संग किया फ्लैग मार्च

एटीएस कमांडो की कड़ी निगरानी में रहेगा पूरा कांवड़ मार्ग, असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर

कांवड़ियों से मिले एसएसपी संजय वर्मा, श्रद्धालुओं से शांति और पुलिस का सहयोग करने की अपील

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा-2026 को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत कर दिया गया है। प्रदेश की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) भी अब मैदान में उतर आई है। एटीएस कमांडो और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग पर फ्लैग मार्च कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और यात्रा को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने मोर्चा संभाल लिया है। एटीएस कमांडो अब पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी रखेंगे और असामाजिक तथा माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखेंगे।

इसे भी पढ़ें:  सीएम योगी का निमंत्रण लेकर घर-घर पहुंच रहे मंत्री कपिल देव अग्रवाल

बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में एटीएस कमांडो और पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर संयुक्त फ्लैग मार्च किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया और संवेदनशील स्थानों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़ें:  चकबंदी के बाद मेढ़ खुर्द-बुर्द करने पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

फ्लैग मार्च के दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने विभिन्न स्थानों पर रुककर कांवड़ियों से संवाद किया और उनकी सुरक्षा एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षित यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी ने कांवड़ियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान छोटी-छोटी बातों पर विवाद से बचें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन का सहयोग कर श्रद्धालु भी यात्रा को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में बाबू हरबंस लाल गोयल को पुष्पांजलि अर्पित

एसएसपी संजय वर्मा के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान एटीएस, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य करेंगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि प्रमुख मार्गों पर लगातार गश्त, फ्लैग मार्च और सुरक्षा जांच अभियान जारी रहेगा ताकि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

Share This Article