17 से 24 अक्टूबर तक सभी बूथों पर लगेंगे विशेष मतदाता कैम्प

एसआईआर में नाम छूटने वालों और नए मतदाताओं को मिलेगा मौका, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक तैनात रहेंगे बीएलओ

मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों और पहली बार मतदान करने के योग्य युवाओं को राहत देने के लिए जिले में 17 से 24 अक्टूबर तक विशेष मतदाता कैम्प लगाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के निर्देश पर आयोजित होने वाले इन कैम्पों में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन लिए जाएंगे। सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-23 मई को तितावी थाने पर भाकियू का धरना स्थगित

विशेष अभियान के तहत उन मतदाताओं को नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा, जिनके नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके थे। इसके साथ ही पात्र नए मतदाता भी पंजीकरण करा सकेंगे। इसके लिए कैम्पों में फॉर्म-6 उपलब्ध कराए जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने पर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जा सकेंगे।

एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम छूटने को लेकर उठे सवालों के बीच निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों को मताधिकार से जोड़ने के लिए यह पहल की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

इसे भी पढ़ें:  सठला गांव में दलितों को शिव मंदिर निर्माण से रोकने पर तनाव पनपा

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में मुजफ्फरनगर में भी अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत मतदाता सूचियों का सत्यापन कर पुराने रिकॉर्ड से मिलान किया जा रहा है। सूची में नाम छूटने के मामले सामने आने पर संबंधित मतदाताओं तक पहुंचने के लिए बीएलओ को घर-घर जाकर संपर्क करने का लक्ष्य भी दिया गया है। उमेश मिश्रा ने बताया कि निर्वाचन विभाग की इस पहल का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और समावेशी बनाना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर उपलब्ध कराना है। ऐसे में जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित तिथियों में अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-शहर में पांच स्थानों पर जलते नहीं मिले अलाव
Share This Article