सामूहिक दुष्कर्म मामले में समाज में आक्रोश, रामलीला टिल्ला पर हिंदू समाज की पंचायत में स्वामी यशवीर, मंत्री कपिल देव और संजीव बालियान रहे शामिल
मुजफ्फरनगर। नाबालिग युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर रविवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला पर हिंदू समाज की पंचायत आयोजित की गई। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग पंचायत में पहुंचे। योग साधना आश्रम बघरा के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज के आह्वान पर हुई पंचायत में मंत्री कपिल देव और पूर्व मंत्री डॉ. संजीव बालियान सहित भाजपा नेताओं, हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पीड़ित परिवार से बातचीत कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई।

पंचायत में आरोप लगाया गया कि नाबालिग युवती को बंधक बनाकर उसके साथ कई दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया गया। स्वामी यशवीर महाराज ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। पंचायत के दौरान स्वामी यशवीर द्वारा सम्राट इंटर कॉलेज और अल्फा नर्सिंग होम का नाम भी मामले से जोड़ते हुए इनके खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की गई। कहा कि यहां पर किशोरी को बंधक बनाकर रखा गया और गैर सम्प्रदाय के कई युवकों ने उसके साथ रेप किया। उन्होंने संबंधित संस्थानों को सील करने तथा मान्यता समाप्त करने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। साथ ही आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। स्वामी यशवीर महाराज ने कहा कि यदि सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो हिंदू समाज की ओर से आगे भी पंचायतें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने विपक्षी दलों पर भी मामले को लेकर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।

पंचायत में उत्तर प्रदेश सरकार में कौशल विकास राज्यमंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि घटना अत्यंत गंभीर है और अपराध में शामिल प्रत्येक दोषी के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अब तक पुुलिस द्वारा मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद पुलिस की गिरफ्त में है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति और भारत का इतिहास सदैव नारी सम्मान के आदर्श पर आधारित रहा है। नारी सम्मान हमारी सभ्यता की आत्मा है। जो लोग मातृशक्ति का अपमान करते हैं, उन्हें कानून के साथ-साथ समाज भी कभी क्षमा नहीं करेगा। पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाना और दोषियों को उनके अपराध की कठोरतम सजा दिलाना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने भी पंचायत में पहुंचकर पीड़ित परिवार के प्रति समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्कूल और अस्पताल स्वीकार्य नहीं हैं, जहां इस तरह की घटनाएं सामने आएं। उन्होंने मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराने की बात कही। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पीड़ित युवती को न्याय दिलाने के लिए गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि वह पीड़ित परिवार तथा समाज के साथ खड़े हैं। पंचायत में लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान मुख्य रूप से किशोरी के परिजन और क्षेत्र के लोगों के बीच हिन्दूवादी संगठन के नेता नरेन्द्र गुर्जर, बिट्टू सिखेडा, गौरव मुंडे, संजय अरोरा, भाजपा नेता अजय सागर, सुनील दर्शन, सुधीर खटीक, शालू सैनी, मनोज सैनी आदि भी मौजूद रहे।
