योग साधना आश्रम के पीठाधीश्वर ने की टिप्पणी-मेरे पास महिला की वीडियो, पीछे नहीं हटूंगा, पुलिस करे निष्पक्ष जांच, पति की मौत को बताया संदिग्ध
मुजफ्फरनगर। योग साधना आश्रम बघरा के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर के खिलाफ एक महिला ने अपनी और अपनी बेटियों की बदनामी किए जाने के आरोप लगाए हैं। पिछले दिनों ये महिला अपनी बेटी के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिली और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले की जांच एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक को सौंपी है। पुलिस स्तर पर जांच शुरू होने के बीच स्वामी यशवीर ने सोशल साइट पर की गई पोस्ट के सहारे महिला और उसकी बेटी के संबंध में पूरा चरित्र वर्णन करते हुए जाति, गांव से लेकर आचरण तक कई गंभीर आरोप लगाकर महिला के खिलाफ ही पुलिस प्रशासन से जांच की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। इस पोस्ट के साथ अपने आरोपों की पुष्टि के रूप में स्वामी यशवीर महाराज ने एक वीडियो भी शेयर किया है।
महिला की शिकायत के बाद सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसोली निवासी एक महिला की ओर से एसएसपी संजय वर्मा को शिकायत दिए जाने के बाद सोशल मीडिया पर मामले को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। कई पोस्ट में स्वामी यशवीर के खिलाफ लगाए गए आरोपों को गंभीर बताते हुए कार्रवाई की मांग की जा रही है।

वहीं, स्वामी यशवीर की ओर से जारी पोस्ट में शिकायत के तथ्यों को सार्वजनिक किए जाने और पूरे मामले की पृष्ठभूमि की जांच किए जाने की मांग की गई है। स्वामी यशवीर का कहना है कि सोशल मीडिया पर केवल आरोप-प्रत्यारोप के आधार पर निष्कर्ष निकालने के बजाय पुलिस को शिकायत में लगाए गए आरोपों और उससे जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। मेरे पास महिला के खिलाफ पूरे साक्ष्य हैं और हर जांच का सामना करने को तैयार हूं।
मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर दिसम्बर 2024 की वीडियो
स्वामी यशवीर ने अपनी पोस्ट में हरसोली निवासी महिला की जाति का उल्लेख किया है। उनके अनुसार, ये विधवा महिला और उसकी बेटी के एक मुस्लिम युवक महताब के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई थी। इस युवक की महिला के पति से दोस्ती थी, जिस कारण घर आना जाना था। उन्होंने इस मामले में धर्म परिवर्तन, विवाह और पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की थी।
स्वामी यशवीर का दावा है कि उनके पास एक वीडियो है, जिसमें संबंधित महिला कथित रूप से उक्त युवक को अपना पति बताती दिखाई देती है और युवक भी उसे अपनी पत्नी बताता है। यह वीडियो दिसम्बर 2024 का बताया जा रहा है, महिला अपनी बेटी को काम के लिए युवक को सौंप रही है, जो उसे पूणे ले जाने की बात कर रहा है। उन्होंने पुलिस से वीडियो की सत्यता की जांच करने के साथ ही कथित विवाह और धर्म परिवर्तन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करने की मांग की है।
बेटी के कथित रूप से ले जाए जाने का भी दावा
स्वामी यशवीर ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि उक्त महिला की बेटी को संबंधित युवक कथित रूप से अपने साथ लेकर गया था और बाद में युवती शामली जिले के कांधला कस्बे से मिली थी। पोस्ट के अनुसार, पुलिस जब युवक की तलाश में गई तो वह मौके से चला गया। इसके बाद युवती को पुलिस थाने लाया गया और परिवार के सदस्यों को सौंपे जाने की कार्रवाई की गई। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि स्वामी यशवीर द्वारा पोस्ट की गई वीडियो में युवक इस बात को कहता सुनाई देता है कि पहले झूठी शिकायत कर दी गई थी, अब पुलिस में केस मत करना।
पति की मौत और संपत्ति के लेन-देन की जांच की भी मांग
स्वामी यशवीर ने महिला के पति की मृत्यु को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है कि महिला के पति की मौत स्वाभाविक नहीं थी और इसमें उक्त युवक की संभावित भूमिका की जांच की जानी चाहिए। हालांकि, इस आरोप की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा उन्होंने महिला के पति की मृत्यु के बाद संपत्ति की बिक्री और उससे जुड़े कथित लेन-देन की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इस संबंध में महिला के ससुराल पक्ष से उन्हें जानकारी मिली है। उन्होंने महिला और उसकी बेटी के कथित धर्म परिवर्तन और युवती को कथित रूप से ब्लैकमेल किए जाने अथवा उसका शोषण किए जाने के आरोपों में महताब निवासी हरसौली और महिला की कॉल रिकॉर्डिंग की जांच की मांग की गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी ओर से उठाए गए आरोपों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की घोषणा की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वह महिला द्वारा लगाए जाने वाले आरोपों पर इस मामले में पीछे नहीं हटेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग जारी रखेंगे। हालांकि इस प्रकरण में महिला की शिकायत पर एसपी देहात जांच कर रहे हैं।
