मुजफ्फरनगर-काऊ सेंचुरी में बीमार मिला गौवंशीय पशुधन

डीवीओ ने टीम के साथ किया गौशाला का निरीक्षण, बीमार पशुओं के नियमित उपचार और कृमिनाशक दवा देने के निर्देश

मुजफ्फरनगर। सर्दी का मौसम नजदीक आने के साथ ही गोवंश को ठंड से बचाने और उनके स्वास्थ्य की देखभाल को लेकर पशुपालन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पुरकाजी ब्लॉक के ग्राम तुगलकपुर कम्हेड़ा स्थित काऊ सेंचुरी गौशाला का जिला पशुपालन अधिकारी ने टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान गौशाला में संरक्षित गोवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, चारे और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया गया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में बर्थडे पार्टी में फायरिंग, सास समेत 3 महिलाएं घायल

निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुल 3217 गोवंश संरक्षित मिले। अधिकारियों के अनुसार, ठंड से बचाव के लिए गौशाला में पर्दे लगाने का कार्य प्रगति पर है। निरीक्षण में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जबकि गोवंश के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा और हरा चारा उपलब्ध मिला। अधिकारियों ने सर्दी के दौरान पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने पर जोर दिया।

मौके पर मौजूद पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय भूषण को निर्देश दिए गए कि गौशाला में बीमार गोवंश के उपचार के लिए वहां तैनात पशु चिकित्सकों के साथ समन्वय बनाकर नियमित भ्रमण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि संक्रमण या बीमारी को फैलने से रोका जा सके। गौशाला के पशु चिकित्सक डॉ. विजय यादव और राजन बिजयाल को सभी संरक्षित गोवंश को कृमिनाशक दवाएं पिलाने के निर्देश दिए गए। इस कार्य में आवश्यकता के अनुसार निजी क्षेत्र के पशु चिकित्सकों का भी सहयोग लेने को कहा गया, जिससे निर्धारित समय में सभी पशुओं को दवा दी जा सके।

इसे भी पढ़ें:  मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी वाहन चोर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बड़ी संख्या में गोवंश संरक्षित होने के कारण उनके रखरखाव, खानपान और स्वास्थ्य की नियमित निगरानी जरूरी है। विशेष रूप से ठंड के मौसम में पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए पर्दे लगाने, साफ-सफाई बनाए रखने और पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभाग की ओर से गौशाला की व्यवस्थाओं पर निगरानी रखने और पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच करने पर भी जोर दिया गया।

इसे भी पढ़ें:  गंगा ने किया बैराज पार, पानीपत-खटीमा हाईवे पर यातायात रूका, देखें वीडियो....
Share This Article