मेला गुघाल का एक करोड़ 99 लाख का मूल बजट सर्वसम्मति से पारित

तीन करोड़ 65 लाख का अनुमानित आय बजट भी किया पारित मेले का ठेका तीन वर्ष के लिए देने पर भी कार्यकारणी ने लगायी मुहर

सहारनपुर। महापौर डाॅ. अजय कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यकारणी समिति की आज देर शाम तक चली बैठक में मेला गुघाल वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित एक करोड़ 99 लाख का मूल बजट तथा तीन करोड़ 65 लाख का अनुमानित आय बजट सर्व सम्मति से पारित किया गया। मेले का ठेका तीन वर्ष के लिए देने तथा उसमें प्रति वर्ष 5-7 प्रतिवर्ष की वृद्धि करने पर भी कार्यकारणी ने मुहर लगायी। मेला गुघाल का पार्किंग ठेका तथा पथ प्रकाश ठेका अलग-अलग ने छोड़कर एक साथ देने पर भी सहमति बनी।

नगर निगम के मां शाकुंभरी सभागार में हुई कार्यकारणी की बैठक में लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी ने मेला गुघाल वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित एक करोड़ 50 लाख का मूल बजट तथा तीन करोड़ 65 लाख का अनुमानित आय बजट प्रस्तुत किया। लेकिन कार्यकारणी समिति ने मेले को और अधिक भव्य तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम जनमंच( मरम्मत कार्य चल रहा है) के स्थान पर किसी अन्य स्थान पर होने के कारण व्यय के कुछ मदों में वृद्धि के प्रस्ताव दिए जिस कारण व्यय में 49 लाख की वृद्धि करते हुए एक करोड़ 99 लाख का मूल बजट तथा तीन करोड़ 65 लाख का अनुमानित आय बजट पारित किया गया। पार्षद ज्योति अग्रवाल ने सभी महिला पार्षदों की ओर से इस वर्ष मेला गुघाल का चेयरमैन किसी महिला पार्षद को बनाने का सुझाव दिया।

इसे भी पढ़ें:  सहारनपुर में फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र मामला, पंचायत सचिव गौरव शर्मा निलंबित

इससे पूर्व उपसभापति मयंक गर्ग का एक वर्ष का कार्यकाल समाप्त होने पर नये उपसभापति का चुनाव किया जाना था। सर्वसम्मति से पुनः मयंक गर्ग को ही आगामी एक वर्ष के लिए उपसभापति चुना गया। बोर्ड बैठक में कार्यकारणी के नवनिर्वाचित सदस्यों का भी महापौर ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। उक्त प्रस्तावों के अतिरिक्त निर्माण अनुभाग द्वारा वार्ड संख्या 4 व वार्ड संख्या 10 में नाली तथा सीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव तथा जलकल अनुभाग द्वारा प्रस्ताव संख्या 99 द्वारा महानगर में ओवरहैड टैंक परिसरों व करीब 50 विभिन्न स्थानों पर लगे पम्प हाउसों के जीर्णोद्धार के लिए 75 लाख रुपये के व्यय का प्रस्ताव भी सर्व सम्मति से पारित किया गया।

प्रस्ताव संख्या 100 के माध्यम से कार्यकारणी को अवगत कराया गया कि नगर निगम सीमा अंतर्गत 58 वार्डो की सफाई व्यवस्था को आऊटसोर्स से कराने हेतु निविदा प्रक्रिया निर्माणाधीन है। नगर निगम बोर्ड प्रस्ताव संख्या 74 दिनांक 29.6.2026 द्वारा इसे अनुमोदित कर चुका है। लेकिन श्रम विभाग द्वारा अधिसूचित अकुशल एवं अर्धकुशल श्रमिकों हेतु बढे़ हुए मानदेय के कारण आर एफ पी एवं बी ओ क्यू में बदलाव किया गया है। जिससे पूर्व में अनुमोदित राशि में वृद्धि हो गयी है। संशोधित निविदा कार्यकारणी के समक्ष पुनः अवलोकनार्थ एवं अनुमोदन के लिए रखी गयी। जिसे सर्व सम्मति से पारित किया गया। पार्षदों का सुझाव था कि निविदा का कार्य शीघ्रातिशीघ्र किया जाए और इसमें स्थानीय लोंगों को भी प्रतिस्पर्धी के रुप में शामिल किया जाए।

इसे भी पढ़ें:  “मैं इंस्पेक्टर हूं, गाली नहीं दी”—मुजफ्फरनगर के रोहाना टोल पर चंद्रशेखर की पुलिस से नोकझोंक

इसके अतिरिक्त आऊटसोर्सिज के माध्यम से कंप्यूटर आॅपरेटर, हेल्पर, इलेक्ट्रिीशियन, माली, श्रमिक, रेहड़ा मिस्त्री आदि की आपूर्ति हेतु जेम पोर्टल से लिये जाने हेतु प्रस्ताव तथा जनमंच के सामने निर्मित तीन दुकानों के आवंटन का प्रस्ताव तथा खत्ताखेड़ी स्थित नगर निगम की भूमि में 33/11 केवी उपकेंद्र की स्थापना के लिए 35 गुणा 42 वर्ग मीटर भूमि देने का प्रस्ताव और मौहल्ला गढ़ी मलूक स्थित नगर निगम की भूमि में से 300 वर्ग मीटर भूमि समाज कल्याण विभाग के निर्माण हेतु देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

विभिन्न वार्डो में लाइटों के खराब होने की समस्या पार्षदों द्वारा जोरशोर से उठायी गयी । उपसभापति मयंक गर्ग ने आपूर्ति कंपनी द्वारा पुरानी लाइटों की आपूर्ति करने का मामला उठाया। जिस पर महापौर ने लाइट विभाग की निरंतर आ रही शिकायतों पर नाराजगी जतायी। उन्होंने उपसभापति मयंक गर्ग, पार्षद सुधीर पंवार तथा पार्षद अभिषेक अरोड़ा की तीन सदस्यीय समिति का गठन करते हुए लाइट स्टाॅक की जांच करने तथा यदि कंपनी द्वारा पुरानी लाइटों की आपूर्ति की गयी है तो उन्हें वापिस भेजने के निर्देश दिए। पार्षदों द्वारा अपने अपने वार्डो में कच्ची सड़कों का निर्माण करने का मामला उठाया। जिस पर महापौर ने मुख्य अभियंता निर्माण को सभी पार्षदों की बैठक बुलाकर उनसे प्रस्ताव लेने और धन की उपलब्धता के आधार पर निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। पार्षद सलेख चंद, दीपक रहेजा, ज्योति अग्रवाल, मंसूर बदर, अभिषेक अरोड़ा टिंकू, महमूद हसन, चै.वीरसेन सिद्धू, फजलुर्रहमान, गौरव कपिल, आरती, व सुधीर पंवार ने अपने-अपने वार्डो की अनेक समस्याएं उठाते हुए उनका अविलंब समाधान कराने की मांग की। महापौर डाॅ. अजय कुमार व नगरायुक्त शिपू गिरि ने सभी पार्षदों की शंकाओं का समाधान किया। बैठक में निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  रेलवे कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान कराएगी यूनियन: अजय बिरला
Share This Article