खतौली गंगा घाट की खराब स्थिति को लेकर प्रशासन को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी खतौली को ज्ञापन सौंपकर घाट पर फैली गंदगी, खुले में शौच तथा असामाजिक तत्वों द्वारा घाट की सम्पत्ति को नुकसान पहुँचाने की शिकायत की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि खतौली गंगा घाट हिन्दू समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहाँ प्रतिदिन शाम को गंगा आरती आयोजित होती है और दूर-दूर से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुँचते हैं।
लेकिन वर्तमान समय में घाट पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।संगठन का आरोप है कि घाट की रेलिंग, लाइट, सीढ़ियाँ, बेंच, दानपात्र और शौचालयों को क्षति पहुँचाई जा रही है। साथ ही घाट परिसर में खुले में शौच और गंदगी फैलने से वातावरण दूषित हो गया है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है।
ज्ञापन में प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने, पुलिस गश्त बढ़ाने तथा घाट की सम्पत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 5 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो विश्व हिन्दू महासंघ स्वयं गंगा घाट पर सफाई अभियान चलाएगा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कदम उठाएगा।इस दौरान पुनीत अरोरा, नवीन त्यागी तथा विशाल बेहरोलिया सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।





