ड्राइविंग लाइसेंस के लिए फॉर्म 6 भरना अनिवार्य

मैनपुरी में अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने से पहले फॉर्म 6 भरना अनिवार्य कर दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों को लाइसेंस आवेदन से पहले नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराना होगा। यदि आवेदक फॉर्म 6 नहीं भरता है तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनेगा। परिवहन विभाग ने यह पहल जनपद में नए मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से 21 फरवरी से शुरू की है। अब तक करीब 75 से अधिक युवाओं ने नए मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है।

क्यों किया गया फॉर्म 6 भरना अनिवार्य?

जनपद में एसआईआर प्रक्रिया के साथ-साथ नए मतदाता बनाने का अभियान चल रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी तहसीलों और बूथों पर अधिक से अधिक युवाओं से फॉर्म 6 भरवाने के आदेश दिए गए हैं।परिवहन विभाग में रोजाना लगभग 40 से 50 युवक-युवतियां ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करते हैं। इनमें से करीब 15 से 20 प्रतिशत पहले से मतदाता हैं, जबकि 80 से 85 प्रतिशत ऐसे हैं जिन्होंने हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी की है। ऐसे आवेदकों से लाइसेंस प्रक्रिया से पहले फॉर्म 6 भरवाया जा रहा है। फॉर्म भरने के बाद उन्हें निर्वाचन कार्यालय भेजा जाता है, जहां से संबंधित तहसील और बीएलओ के पास प्रक्रिया आगे बढ़ती है।

इसे भी पढ़ें:  फेडरेशन ने लगाया शीतल जल का प्याऊ, मीनाक्षी-अंजू ने बांटा शरबत

21 फरवरी से शुरू हुई पहल, रोज भर रहे 20-25 फॉर्म

जिलाधिकारी के निर्देश पर 21 फरवरी से यह अभियान शुरू हुआ। आंकड़ों के अनुसार—

  • 21 फरवरी को 23 फॉर्म

  • 23 फरवरी को 24 फॉर्म

  • 24 फरवरी को 16 फॉर्म

  • 25 फरवरी को लगभग 12 फॉर्म भरे गए

रोजाना करीब 20 से 25 फॉर्म भरे जा रहे हैं। जनपद में अब तक लगभग 74843 फॉर्म 6 ऑनलाइन किए जा चुके हैं। रोज करीब 900 से 1000 फॉर्म भरे जाते हैं, जबकि कुछ दिनों में यह संख्या 2500 तक पहुंच जाती है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR PALIKA-वार्ड 33 में 22 फैंसी लाइटों का लोकार्पण

एआरटीओ शिवम यादव ने क्या कहा?

एआरटीओ शिवम यादव ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आने वाले 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके आवेदकों से फॉर्म 6 भरना अनिवार्य किया गया है। यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाया जा रहा है और प्रतिदिन 20 से 25 फॉर्म भरे जा रहे हैं।

एक जगह हुए दो काम, युवाओं में उत्साह

नगला जुला निवासी शिवांगी ने बताया कि उन्होंने पहली बार ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया और साथ ही मतदाता बनने के लिए फॉर्म 6 भी भरा। उन्होंने कहा कि दोनों काम एक ही जगह पर हो जाना सुविधाजनक रहा। वहीं भोगांव बरिहार निवासी ओमवीर ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पहुंचे तो नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म भरने की जानकारी मिली। फॉर्म भरने के बाद अब वह भी मतदाता बन जाएंगे और पहली बार मतदान का अवसर मिलेगा।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में पेपर व्यापारी के घर इनकम टैक्स की रेड

प्रशासन का उद्देश्य स्पष्ट है—युवा ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भी भागीदारी सुनिश्चित करें। फॉर्म 6 भरना अनिवार्य किए जाने से जनपद में नए मतदाताओं की संख्या में तेजी से इजाफा होने की उम्मीद है।

Share This Article